बिहार की कामयाबी पर महाराष्ट्र के CM फडणवीस ने थपथपाई पीठ, पटना नगर निगम ने पूरे देश को चौंकाया
देवेंद्र फडणवीस ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पटना नगर निगम और इस उपलब्धि को हासिल करने में जुटे सभी अधिकारियों को विशेष रूप से बधाई दी।
Patna Municipal Bonds : बिहार की एक बड़ी उपलब्धि पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुशी जाहिर करते हुए पटना नगर निगम और बिहार सरकार को बधाई दी है। पटना नगर निगम के 199.99 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सूचीबद्ध होने को उन्होंने बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया। फडणवीस ने कहा कि यह बिहार के पहले म्यूनिसिपल बॉन्ड हैं और इस उपलब्धि में महाराष्ट्र का भी योगदान रहा है।
देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पिछले साल दिसंबर में बिहार सरकार के अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुंबई आया था। इस दौरान अधिकारियों ने NSE में पूंजी बाजार की कार्यप्रणाली को समझा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नासिक का दौरा किया, जहां नासिक नगर निगम ने अपने 'क्लीन गोदावरी बॉन्ड' के माध्यम से धन जुटाने का अनुभव बिहार के अधिकारियों के साथ साझा किया था।
फडणवीस ने कहा कि उस दौरे के एक साल से भी कम समय में पटना ने भी म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी कर सफलता हासिल कर ली है। उन्होंने इसे राज्यों के बीच सहयोग और अनुभव साझा करने का अच्छा उदाहरण बताया।
'राज्य प्रतिद्वंद्वी नहीं, विकास के साझेदार'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'टीम इंडिया' के विचार से जोड़ते हुए कहा कि देश के राज्य विकास के साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं। जब एक राज्य सफल होता है तो उसे अपने अनुभव दूसरे राज्यों के साथ साझा करना चाहिए, ताकि सभी राज्य आगे बढ़ सकें और देश का विकास तेज हो।
उन्होंने कहा कि सहकारी संघवाद और प्रतिस्पर्धी संघवाद साथ-साथ काम करते हैं। महाराष्ट्र विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में बिहार के साथ अपने अनुभव साझा करने, सहयोग करने और मिलकर आगे बढ़ने के लिए हमेशा तैयार रहेगा।
सम्राट चौधरी और पटना नगर निगम को बधाई
देवेंद्र फडणवीस ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पटना नगर निगम और इस उपलब्धि को हासिल करने में जुटे सभी अधिकारियों को विशेष रूप से बधाई दी। उनका यह संदेश ऐसे समय आया है, जब पटना नगर निगम की बॉन्ड लिस्टिंग को बिहार के शहरी निकायों के लिए पूंजी बाजार से धन जुटाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।
दरअसल, म्यूनिसिपल बॉन्ड के जरिए नगर निकाय अपने विकास कार्यों और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं के लिए पूंजी बाजार से वित्तीय संसाधन जुटा सकते हैं। पटना की यह पहल भविष्य में बिहार के दूसरे शहरी निकायों के लिए भी एक उदाहरण बन सकती है।