खान सर बुरे फंसे ! पटना पुलिस करेगी गिरफ्तार, हत्या की कोशिश का केस दर्ज, फायरिंग मामले बढ़ी मुश्किल

पुलिस के अनुसार, 2 जून की रात खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों द्वारा फायरिंग की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई।

Khan Sir- फोटो : news4nation

Khan Sir : पटना के चर्चित शिक्षाविद और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कदमकुआं थाना पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई उनकी कोचिंग संस्थान में हुई फायरिंग से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद की गई है।


पुलिस के अनुसार, 2 जून की रात खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों द्वारा फायरिंग की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई। इस मामले में पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब पुलिस के बयान के आधार पर दर्ज एफआईआर में खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। हालांकि, खान सर ने अपने ऊपर दर्ज एफआईआर की जानकारी होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उनका कहना है कि फायरिंग आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में की गई थी और इस संबंध में सुरक्षा एजेंसी भी अपनी रिपोर्ट देगी।


इसी बीच खान सर का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह क्लासरूम में छात्रों को कोचिंग संस्थान पर हुए हमले की जानकारी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए दावा कर रहे हैं कि उनके गार्ड को जबरन ले जाने वाले लोगों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले को मूल मुद्दे से भटकाने की कोशिश की जा रही है।


खान सर ने छात्रों से बातचीत के दौरान कहा कि उनके कोचिंग संस्थान को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया तो आने वाले समय में कई कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पैसा कमाना नहीं, बल्कि छात्रों को कम खर्च में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है।


वीडियो में खान सर यह भी कहते दिखाई दे रहे हैं कि घटना वाले दिन उनके गार्ड को 20-25 लोगों ने घेरकर बेरहमी से पीटा था। उन्होंने छात्रों के सामने एक किताब हाथ में लेकर कहा कि वह "विद्या की कसम" खाकर कह रहे हैं कि उस दिन फायरिंग हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, खान सर और उनके समर्थकों का कहना है कि कोचिंग संस्थान पर हमला हुआ था और सुरक्षाकर्मियों ने आत्मरक्षा में कदम उठाया। अब मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।