बिहार चुनाव रद्द करा कर ही मानेंगे! राहुल गांधी के नेतृत्व में EC तक विपक्ष का मार्च, RJD के सभी सांसद भी सड़क पर
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इससे पहले पुलिस की बैरिकेडिंग के बावजूद राहुल गांधी और अन्य नेताओं के आगे बढ़ने की कोशिश का वीडियो भी सामने आया।
SIR : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष का चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन मंगलवार को दिल्ली की सड़कों पर दिखाई दिया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च करने निकले। पुलिस ने मार्च को आकाशवाणी भवन और नीति आयोग के बीच रोक दिया, जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने सड़क पर धरना दिया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इससे पहले पुलिस की बैरिकेडिंग के बावजूद राहुल गांधी और अन्य नेताओं के आगे बढ़ने की कोशिश का वीडियो भी सामने आया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में भी CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और SIR में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन में टीएमसी के अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता शामिल रहे।
RJD के सभी सांसद दिल्ली की सड़क पर
इसी प्रदर्शन में आरजेडी के सांसद भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मनोज झा, अभय कुशवाहा, सुधाकर सिंह, सुरेंद्र यादव और राजा राम सिंह समेत पार्टी के सांसदों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और SIR को लेकर चुनाव आयोग तथा केंद्र सरकार पर निशाना साधा। आरजेडी सांसदों ने आरोप लगाया कि बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सांसदों ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा है और चुनाव आयोग से पारदर्शिता की मांग कर रहा है।
आरजेडी की ओर से बिहार में भी SIR के मुद्दे पर आंदोलन का ऐलान किया गया है। पार्टी ने 7 अक्टूबर को प्रखंड स्तर और 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन तथा पटना में आक्रोश मार्च की घोषणा की है।
इससे पहले 30 सितंबर को 19 विपक्षी दलों की बैठक में SIR के खिलाफ आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई गई थी। मंगलवार का दिल्ली प्रदर्शन उसी अभियान का हिस्सा है। चुनाव आयोग ने SIR को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि आयोग के तीनों सदस्यों ने इस संबंध में फैसले सर्वसम्मति से लिए हैं।
धीरज की रिपोर्ट