तेजस्वी यादव ने राहुल गांधी को दिया बड़ा झटका, कांग्रेस का हाथ छोड़कर राजद ने वामदलों का किया समर्थन
कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर सियासत करने वाली राजद ने राहुल गांधी को बड़ा झटका दिया है और तेजस्वी यादव ने वामदलों के लिए केरल में चुनाव में प्रचार करना शुरू कर दिया है.
Kerala Assembly elections : बिहार से लेकर केंद्र की राजनीति में कांग्रेस के साथ गठजोड़ करने वाली राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अलग सियासी रुख अपनाकर राहुल गांधी के सामने सियासी हलचल तेज कर दी है। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने केरल में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा (LDF) के समर्थन में चुनाव प्रचार कर केरल विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने तेजस्वी यादव के राज्य में आकर LDF के पक्ष में प्रचार करने का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि तेजस्वी की मौजूदगी से देश के सेक्युलर ताने-बाने को मजबूत करने की कोशिशों को बल मिलेगा। विजयन ने अपने संदेश में लिखा कि तेजस्वी यादव का समर्थन और एकजुटता LDF के अभियान को मजबूती देता है और मिलकर केरल के लोगों के लिए एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत किया जा रहा है।
वहीं, तेजस्वी यादव ने मंगलवार को मलप्पुरम जिले के पोन्नानी विधानसभा क्षेत्र में CPI(M) उम्मीदवार एम.के. साकीर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय लोगों के प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया।
इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है, क्योंकि केरल में कांग्रेस और वामदल आमने-सामने होते हैं। ऐसे में सहयोगी दल राजद का वाम मोर्चे के समर्थन में उतरना विपक्षी एकता पर भी सवाल खड़े कर रहा है। केरल चुनाव में इस नए समीकरण ने राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।