सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत पर CM सम्राट चौधरी ने जताया शोक, दिया बड़ा निर्देश
सड़क किनारे छठियार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग आर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गई।
Bihar News : पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा बसवरिया पराउटोला पंचायत के बनकटवा मध्य विद्यालय के पास रात करीब 11 बजे हुआ। घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।
जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे छठियार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग आर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सीएम सम्राट चौधरी ने जताया दुख
घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सीएम ने कहा, “इस दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।” मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
हादसे में पांच लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान छांगुर राम (70 वर्ष), बहादुर महतो (45 वर्ष), संजय कुमार (28 वर्ष), राकेश कुमार दूबे (35 वर्ष) और देवेन्द्र दूबे (35 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक बनकटवा और बसवरिया गांव के रहने वाले बताए गए हैं।वहीं, हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों में श्याम बाबू कुमार (16 वर्ष), अजीत कुमार (18 वर्ष), मोचन महतो (50 वर्ष) और नरेश राम (40 वर्ष) समेत अन्य लोग शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल बनकटवा और बसवरिया गांव के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
बस के अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदने के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। शुक्रवार रात हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ जहां पांच परिवारों में मातम पसरा है, वहीं घायलों के परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।