POLITICAL NEWS - दिल्ली चुनाव में शिकस्त खाने के बाद अब राज्यसभा जाने की तैयारी में अरविंद केजरीवाल, जानें क्या है पार्टी की पूरी प्लानिंग
POLITICAL NEWS - दिल्ली हारने के बाद खाली बैठे अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजने की तैयारी है।पार्टी ने इसके लिए प्लानिंग तैयार कर ली है। जिसके लिए पार्टी के एक सांसद को हटाया जा सकता है। जिसकी जगह केजरीवाल को राज्यसभा भेजा जाएगा।

NEW DELHI - दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करने के बाद अब आम आदमी पार्टी सुप्रीमो व पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल संसद जाने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है केजरीवाल को राज्यसभा भेजा जा सकता है। पार्टी ने इसके लिए पूरी प्लानिंग तैयार कर ली है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि राज्यसभा में जाने का रास्ता दिल्ली से नहीं, बल्कि पंजाब से होकर जाएगा। हालांकि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जाएंगे या नहीं, इसको लेकर अभी तक पार्टी ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।
दरअसल, आम आदमी पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। संजीव अरोड़ा अभी पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में केजरीवाल अपनी नई दिल्ली विधानसभा सीट से हार गए थे। इसके बाद से ही चर्चाएं शुरू हो गई थी कि वह राज्यसभा जा सकते हैं।
गुरप्रीत गोगी के निधन से खाली है लुधियाना वेस्ट की सीट
बता दें कि आम आदमी पार्टी के लुधियान वेस्ट से विधायक गुरप्रीत गोगी का जनवरी में निधन हो गया था। इसके बाद से यह विधानसभा सीट खाली है। संजीव अरोड़ा उद्योगपति और अरबपति उम्मीदवार हैं। वह 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे।