परिसीमन बिल पर DMK का बड़ा फैसला, BJP सरकार को समर्थन देने का ऐलान, तमिलनाडु के लिए रखी शर्त

डीएमके सांसद ए. राजा ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रस्तावित बिल में सभी राज्यों की सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसी वजह से पार्टी ने बिल का समर्थन करने का फैसला किया है।

DMK - फोटो : news4nation

 केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर दक्षिण भारत की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) ने आगामी 30 नवंबर को संसद में पेश होने वाले परिसीमन बिल को समर्थन देने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि डीएमके पहले इस मुद्दे पर केंद्र सरकार का विरोध करती रही है और दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी कम होने की आशंका जताती रही है।


शनिवार को चेन्नई में पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन की मौजूदगी में पार्टी सांसदों की बैठक हुई। इस बैठक में परिसीमन बिल के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया। डीएमके के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में 8 सांसद हैं।


सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत समान बढ़ोतरी पर समर्थन

डीएमके सांसद ए. राजा ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रस्तावित बिल में सभी राज्यों की सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसी वजह से पार्टी ने बिल का समर्थन करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि डीएमके हमेशा निष्पक्ष परिसीमन की पक्षधर रही है और इस मुद्दे पर पार्टी का रुख नहीं बदला है।


ए. राजा ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस के गठबंधन से अलग होने के बाद भी परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।


पहले परिसीमन का विरोध करती रही है डीएमके

गौरतलब है कि डीएमके इससे पहले परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार के प्रस्तावों का विरोध करती रही है। वर्ष 2025 में पार्टी ने दक्षिण भारतीय राज्यों के मुख्यमंत्रियों की संयुक्त कार्रवाई समिति (JAC) की बैठक बुलाई थी। इसमें केंद्र सरकार से लोकसभा सीटों की संख्या और राज्यों के बीच उनके वितरण पर लगी रोक को वर्ष 2026 के बाद अगले 25 साल तक बढ़ाने की मांग की गई थी।


डीएमके का तर्क था कि दक्षिण भारतीय राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। ऐसे में अगर जनसंख्या के आधार पर परिसीमन किया गया तो लोकसभा में इन राज्यों का राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है।


816 सीटों वाली लोकसभा को लेकर जताई थी चिंता

अप्रैल 2026 में लोकसभा में परिसीमन बिल का विरोध करते हुए डीएमके की संसदीय दल की नेता कनिमोझी करुणानिधि ने 816 सीटों वाली लोकसभा की संभावित स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि इस व्यवस्था में उत्तर और मध्य भारत के राज्य संसद में संवैधानिक संशोधन के लिए जरूरी बहुमत के करीब पहुंच सकते हैं, जबकि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, पंजाब, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के वोटों के बिना भी ऐसा संभव हो सकता है।


उन्होंने इसे दक्षिण भारतीय राज्यों की सामूहिक राजनीतिक ताकत कम करने वाला कदम बताया था। डीएमके लगातार मांग करती रही थी कि 543 लोकसभा सीटों पर लगी रोक को अगले 25 से 30 साल तक जारी रखा जाए, ताकि दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रभाव कमजोर न हो।


अब सभी राज्यों की सीटों में समान 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव के आधार पर डीएमके ने समर्थन का फैसला किया है। ऐसे में परिसीमन बिल पर पार्टी का यह नया रुख राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।