अफसरों की लगेगी क्लास! सम्राट चौधरी लेंगे जिलों का रिपोर्ट कार्ड, सभी 38 जिलों के DM-SP संग आज बैठक

बैठक में सभी जिलों के डीएम, एसपी और एसएसपी के अलावा डीआईजी, आईजी, प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के सचिव शामिल होंगे। मुख्यमंत्री जिलों में प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेंगे।

CM Samrat Choudhary
CM Samrat Choudhary- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार से दो दिवसीय समीक्षा बैठक कर रहे हैं। पटना सचिवालय स्थित संवाद सभागार (अधिवेशन भवन) में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में यह बैठक 28 और 29 नवंबर को होगी। बैठक में राज्य के सभी 38 जिलों के जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP), वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) समेत पुलिस और प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।


दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में सरकार का मुख्य फोकस जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति और विकास योजनाओं की प्रगति पर रहेगा। पहले दिन यानी शनिवार को मुख्यमंत्री मुख्य रूप से राज्य की विधि-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस दौरान जिलों में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ चर्चा होगी।


सभी 38 जिलों के DM-SP  होंगे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी जिलों के डीएम, एसपी और एसएसपी के अलावा डीआईजी, आईजी, प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के सचिव शामिल होंगे। मुख्यमंत्री जिलों में प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेंगे। अधिकारियों से उनके क्षेत्र की चुनौतियों और कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों पर भी चर्चा होगी।


रविवार को विकास योजनाओं की होगी समीक्षा

बैठक के दूसरे दिन यानी रविवार, 29 नवंबर को विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, जिलों में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक स्तर पर उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि शनिवार को कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों के लिए रवाना हो जाएंगे। वहीं, जिलाधिकारियों को रविवार को होने वाली विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक के लिए पटना में रुकना होगा।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक को प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि दो दिनों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री जिलों के अधिकारियों को कौन-कौन से नए निर्देश देते हैं।

रंजीत के रिपोट