NEET Paper Leak:पेपर लीक पर सियासी संग्राम तेज, दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद, PM मोदी का बड़ा ऐलान-दोषियों की सजा के सिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पेपर लीक के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने मामलों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया है।
NEET Paper Leak: पेपर लीक के मुद्दे को लेकर देश की सियासत में घमासान तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की अगुवाई में शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब सड़क से संसद तक पहुंच चुका है। छात्रों के आंदोलन में अब विपक्षी दलों और नेताओं की सक्रिय भागीदारी ने इस पूरे मामले को सियासी रंग दे दिया है। महाराष्ट्र से लेकर राजस्थान और हरियाणा तक विरोध के सुर बुलंद होते नजर आ रहे हैं।
विपक्ष का आरोप है कि पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और सरकार को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए। सीजेपी लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मोर्चा खोले हुए है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद विपक्षी नेताओं की एंट्री से आंदोलन को और धार मिल गई है।
इधर, केंद्र सरकार ने भी विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पेपर लीक के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने मामलों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया है। पीएम ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।पीएम ने लिखा है कि-देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है।युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इधर राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। कई प्रमुख रास्तों और मेट्रो स्टेशनों को एहतियातन बंद रखा गया। लोक कल्याण मार्ग से लेकर मंडी हाउस और आईटीओ जैसे इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी।
कुल मिलाकर पेपर लीक का मुद्दा अब सिर्फ परीक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सत्ता और विपक्ष के बीच सियासी टकराव का बड़ा अखाड़ा बन चुका है। जहां विपक्ष इसे युवाओं के साथ नाइंसाफी और सरकार की नाकामी बता रहा है, वहीं केंद्र सरकार कड़े कानून और त्वरित कार्रवाई के जरिए भरोसा बहाल करने की कोशिश में जुटी है।