Bihar News: सुप्रीम कोर्ट से BJP विधायक राजू सिंह को बड़ी राहत,अब बच जाएगी विधायकी? पढ़िए

Bihar News: मुजफ्फरपुर साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। ...

BJP विधायक राजू सिंह की अब बच जाएगी विधायकी? - फोटो : X

Bihar News: मुजफ्फरपुर साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। वर्ष 2018 की न्यू ईयर पार्टी में हुई हर्ष फायरिंग के दौरान महिला डॉक्टर अर्चना की मौत के मामले में अदालत ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है। इस फैसले से उनकी विधानसभा सदस्यता पर मंडरा रहा खतरा टल गया है।

जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस विजय बिश्नोई की पीठ ने 16 नवंबर को सुनवाई के बाद दिल्ली हाईकोर्ट के 29 सितंबर 2026 के आदेश को पलट दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय दंड संहिता की धारा 304 पार्ट-दो के तहत दर्ज दोषसिद्धि पर रोक लगाई। अधिवक्ता विनोद सिंह ने फैसले की जानकारी दी।

मामला 31 दिसंबर 2018 की रात दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्महाउस में आयोजित डांस और न्यू ईयर पार्टी का है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, समारोह के दौरान राजू कुमार सिंह समेत दो लोग हवाई फायरिंग कर रहे थे। एक व्यक्ति के पास .315 बोर की राइफल थी, जबकि विधायक के पास .22 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल थी। इसी दौरान डांस फ्लोर पर मौजूद महिला डॉक्टर अर्चना के सिर में छर्रा लगा। उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हुआ और ब्रेन डैमेज के कारण मौत हो गई।

अभियोजन के अनुसार, किसी गवाह ने विधायक को सीधे महिला पर गोली चलाते नहीं देखा था। इसके बावजूद निचली अदालत ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर उन्हें दोषी ठहराया। राउज एवेन्यू कोर्ट ने गैर-इरादतन हत्या के मामले में चार साल का कठोर कारावास और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत दो महीने की सजा सुनाई थी।

बाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने सजा पर रोक लगाकर उन्हें जमानत दी, लेकिन दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश से उस फैसले में बदलाव हुआ है। हालांकि, यह अंतिम बरी होना नहीं है; अपील का निपटारा अभी बाकी है।