सोनिया गांधी की किताब में हुए गाँधी परिवार और कांग्रेस के 10 बड़े खुलासे! क्यों किया PM पद का त्याग, जानिए चौंकाने वाले राज

बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में इटली के एक सामान्य परिवार से निकलकर गांधी परिवार की बहू बनने और फिर भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल होने तक के सफर को सोनिया गांधी ने इसमें अपने नजरिये से बयां किया है।

Sonia Gandhi Book Belonging: A Journey - फोटो : news4nation

Sonia Gandhi :  कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) महज राजनीतिक घटनाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि एक महिला के निजी जीवन, प्रेम, पारिवारिक रिश्तों, दुख, संघर्ष और भारतीय राजनीति के उतार-चढ़ाव की कहानी है। राजनीति में कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जो सत्ता के गलियारों में कभी खुलकर सामने नहीं आतीं। लेकिन जब कोई बड़ा राजनीतिक चेहरा अपनी जिंदगी के अनुभवों को किताब के जरिए दुनिया के सामने रखता है, तो कई अनकहे किस्से इतिहास के पन्नों से निकलकर चर्चा का विषय बन जाते हैं।


इटली के एक सामान्य परिवार से निकलकर गांधी परिवार की बहू बनने और फिर भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल होने तक के सफर को सोनिया गांधी ने इसमें अपने नजरिये से बयां किया है। किताब में राजीव गांधी के साथ प्रेम कहानी से लेकर उनकी हत्या, मेनका गांधी के साथ पारिवारिक मतभेद, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने और देश की कई ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाओं पर उनके विचार शामिल हैं। आइए जानते हैं इस किताब की 10 बड़ी बातें।


1. कैम्ब्रिज के रेस्तरां में हुई थी राजीव गांधी से पहली मुलाकात

सोनिया गांधी ने किताब में राजीव गांधी के साथ अपनी पहली मुलाकात और प्रेम कहानी को याद किया है। कैम्ब्रिज के एक रेस्तरां में हुई मुलाकात धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। इसके बाद उनका गांधी परिवार से जुड़ना और इंदिरा गांधी के साथ बिताए शुरुआती दिनों का भी जिक्र है। किताब में राजीव गांधी और परिवार के साथ बिताए निजी पलों को बेहद आत्मीय अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।


2. राहुल को पहले ही हो गया था पिता की सुरक्षा का खतरा

राजीव गांधी की हत्या से जुड़े प्रसंग किताब के सबसे भावुक हिस्सों में शामिल हैं। सोनिया गांधी ने बताया है कि मार्च 1991 में राहुल गांधी अमेरिका लौटने से पहले अपने पिता की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित थे। राहुल ने आशंका जताई थी कि अगर उनके पिता की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए भारत लौटना पड़ सकता है। बाद में 21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या ने इस आशंका को भयावह सच में बदल दिया।


3. 2004 में प्रधानमंत्री पद क्यों ठुकराया था?

साल 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की चर्चा तेज थी। कांग्रेस संसदीय दल ने उन्हें अपना नेता भी चुना था, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया। किताब में सोनिया ने उस समय के घटनाक्रम और अपने फैसले के पीछे की परिस्थितियों पर प्रकाश डाला है। उनके मुताबिक, राहुल और प्रियंका गांधी भी उन्हें प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने की सलाह दे रहे थे। उन्होंने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने के फैसले और उस दौर में पार्टी तथा सरकार के बीच जिम्मेदारियों के बंटवारे का भी उल्लेख किया है।


4. मेनका गांधी से बढ़ते विवाद के बाद छोड़ना पड़ा था घर

किताब का एक चर्चित हिस्सा मेनका गांधी और गांधी परिवार के रिश्तों से जुड़ा है। सोनिया गांधी के मुताबिक, 1974 में संजय गांधी से शादी के बाद जब मेनका परिवार में आईं तो शुरुआत में उनका आना परिवार के लिए नया अनुभव था। हालांकि, समय के साथ दोनों के बीच मतभेद बढ़ते चले गए। सोनिया ने लिखा है कि इंदिरा गांधी और मेनका के बीच भी कई मुद्दों पर तनाव था। संजय गांधी की 1980 में मृत्यु के बाद मेनका ने उनकी राजनीतिक विरासत में अपनी भूमिका चाही। लेकिन इंदिरा गांधी के साथ उनके मतभेद बढ़ते गए। अंततः राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मेनका को घर छोड़ना पड़ा।


5. विदेशी मूल को लेकर उठते सवालों पर भी रखी बात

भारतीय राजनीति में सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा लंबे समय तक विवाद का विषय रहा। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें लगातार इस सवाल का सामना करना पड़ा। किताब में उन्होंने राजनीति में आने की अनिच्छा, सार्वजनिक जीवन की चुनौतियों और विदेशी मूल को लेकर होने वाली आलोचनाओं के अनुभवों को साझा किया है।


6. स्वास्थ्य से जुड़े संघर्षों का किया खुलासा

सोनिया गांधी ने किताब में अपने स्वास्थ्य संबंधी संघर्षों का भी उल्लेख किया है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने 2010 में स्तन कैंसर और 2011 में पैंक्रियाज से जुड़े ट्यूमर के इलाज का जिक्र किया है। उन्होंने अपने इलाज को काफी हद तक निजी रखा और इस दौरान परिवार के सहयोग तथा मानसिक मजबूती की भूमिका भी सामने रखी है।


7. इमरजेंसी को इंदिरा गांधी की गलती बताया

देश में 1975 में लागू की गई इमरजेंसी भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का विवादास्पद अध्याय रही है। सोनिया गांधी ने किताब में इस फैसले को गलती बताया है। उन्होंने इंदिरा गांधी के उस दौर के फैसलों और बाद में उनके अनुभवों का उल्लेख करते हुए लिखा है कि इमरजेंसी को लेकर इंदिरा गांधी भी पूरी तरह आश्वस्त नहीं थीं।


8. ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में थे आंसू

1984 में स्वर्ण मंदिर में चलाए गए ऑपरेशन ब्लू स्टार को सोनिया गांधी ने एक कठिन और दुखद फैसला बताया है। किताब में उन्होंने दावा किया है कि ऑपरेशन के बाद स्वर्ण मंदिर में हुई तबाही की तस्वीरें और वीडियो देखकर इंदिरा गांधी बेहद दुखी हो गई थीं। उन्हें यह दृश्य देखकर गहरा सदमा पहुंचा था और उनकी आंखों से आंसू निकल आए थे।


9. बाबरी मस्जिद विध्वंस से बेहद आहत हुई थीं सोनिया

6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना का भी किताब में उल्लेख है। सोनिया गांधी ने लिखा है कि टेलीविजन पर यह घटना देखते समय उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। उन्होंने इस घटना को बेहद पीड़ादायक बताया है। साथ ही माना है कि कांग्रेस पार्टी भाजपा और हिंदुत्व की राजनीति के उभार को लेकर कई मायनों में जरूरत से ज्यादा निश्चिंत रही और राजनीतिक परिस्थितियों को समझने में चूक हुई।


10. राजनीति से ज्यादा रिश्तों और अपनापन की कहानी है किताब

सोनिया गांधी की इस किताब की खासियत यह है कि इसमें राजनीतिक घटनाओं के साथ-साथ उनके निजी जीवन और पारिवारिक रिश्तों को भी जगह मिली है। राजीव गांधी के साथ प्रेम, इंदिरा गांधी के साथ संबंध, बच्चों राहुल और प्रियंका के साथ जीवन तथा परिवार पर आई त्रासदियों का जिक्र इसे एक अलग पहचान देता है। किताब के शीर्षक 'Belonging' का भाव भी अपनेपन, प्रेम और रिश्तों से जुड़ा है।