Bihar news:लाइट ओवर ब्रिज की निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जताई नाराजगी

Bihar news:लाइट ओवर ब्रिज की निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, प

Bihar news:भोजपुर जिले के आरा शहर में डीडीयू-पटना रेल खंड के पूर्वी रेलवे गुमटी के ऊपर बनाए गए लाइट ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण और इसकी गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस पुल के बन जाने से शहर और आसपास के दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य में बरती गई कथित अनियमितता के बाद अब यह चर्चा का विषय बन गया है।

गौरतलब है कि इस लाइट रेलवे ब्रिज के निर्माण की अनुशंसा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं आरा के पूर्व सांसद आरके सिंह के कार्यकाल में की गई थी। लगभग एक दशक (दस साल) का लंबा समय बीत जाने के बाद इस परियोजना का काम पूरा हो पाया, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही इसकी गुणवत्ता पर सवालिया निशान लग गए हैं।

हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर इस लाइट ओवर ब्रिज का जायजा लिया और निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्रिज की निर्माण गुणवत्ता को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इसके निर्माण में भारी गड़बड़ी और घोर लापरवाही बरती गई है। आरके सिंह के मुताबिक, इंजीनियरों और संबंधित जिम्मेदारों ने बिना उचित गुणवत्ता का ख्याल रखे जल्दबाजी में इसे चालू कर दिया है, जो कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ब्रिज की हालत देखने से ही इसमें बरती गई अनियमितताएं साफ जाहिर हो रही हैं। उन्होंने इस मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए रेलवे के उच्चाधिकारियों से बातचीत करने की बात कही है, ताकि इसमें पाई गई कमियों और गड़बड़ियों का जल्द से जल्द समाधान निकाला जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। एक दशक के लंबे इंतजार के बाद तैयार हुए इस महत्वपूर्ण पुल पर गुणवत्ता को लेकर उठे इन सवालों से अब प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

रिपोर्ट..आशीष