पत्रकार कौन? कवरेज करने वाले पत्रकारों को मिलेगी कितनी सुरक्षा, सुप्रीम कोर्ट को बड़ा निर्देश

त्रकार की पहचान तय करने का आधार क्या होना चाहिए और क्या मान्यता प्राप्त पत्रकारों को विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज के दौरान स्वयंभू पत्रकारों की तुलना में अधिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा निर्देश दिया है

Who Qualifies as a Journalist - फोटो : news4nation

Supreme Court :  पत्रकारिता की आड़ में सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले और मान्यता प्राप्त पत्रकारों के बीच अंतर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है। शीर्ष अदालत ने गुरुवार को कहा कि वह इस बात पर विचार करेगी कि पत्रकार की पहचान तय करने का आधार क्या होना चाहिए और क्या मान्यता प्राप्त पत्रकारों को विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज के दौरान स्वयंभू पत्रकारों की तुलना में अधिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बीच संतुलन जरूरी है।


मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने दिल्ली में 10 और 11 अक्टूबर 2026 को हुए विरोध-प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग के दौरान सात पत्रकारों को कथित रूप से हिरासत में लेने, उनके साथ मारपीट करने और रिपोर्टिंग में बाधा डालने के मामले को पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय उच्चाधिकार समिति के पास भेज दिया।


पीठ ने याचिकाकर्ताओं से कहा कि वे समिति के सामने यह साबित करने के लिए जरूरी दस्तावेज और सबूत पेश करें कि संबंधित पत्रकार वास्तव में घटनास्थल पर मौजूद थे या नहीं। यदि वे वहां मौजूद थे, तो क्या उनके साथ जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया? अदालत ने यह भी कहा कि यदि बल प्रयोग हुआ, तो क्या वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सीमा से अधिक था।


सात पत्रकारों को हिरासत में लेने का आरोप

केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों को जबरन रिपोर्टिंग स्थलों से हटाया गया, उन्हें वीडियो रिकॉर्ड करने से रोका गया और उनके साथ मारपीट की गई। याचिकाकर्ताओं के मुताबिक, मान्यता प्राप्त मीडिया संस्थानों के लिए काम करने वाले पत्रकारों ने अपने प्रेस कार्ड भी दिखाए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोका गया, घसीटा गया और हिरासत में लिया गया।


वरिष्ठ अधिवक्ता पीवी दिनेश ने अदालत में कहा कि हिरासत में लिए गए सातों पत्रकार स्थापित मीडिया संस्थानों से जुड़े थे, वे सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले लोग नहीं थे।


दिल्ली पुलिस ने क्या दलील दी?

दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा था कि पत्रकारों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के बीच अंतर है। पुलिस के अनुसार, कैमरा और माइक लेकर रील बनाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रदर्शन की कवरेज करने वाले पत्रकारों जैसी सुरक्षा का स्वतः अधिकार नहीं मिल सकता।


अब सुप्रीम कोर्ट इस मामले में पत्रकार की पहचान, प्रेस की स्वतंत्रता और प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बीच संतुलन से जुड़े सवालों पर विचार करेगा। फिलहाल मामले के तथ्यात्मक पहलुओं की जांच उच्चाधिकार समिति करेगी।