दो दिनों से लापता मदरसा के दों छात्रों का शव पोखर से बरामद, इलाके मे सनसनी

गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र स्थित एक पोखर से दो बच्चों की लाश बरामद हुई है। दोनो मदरसा के छात्र थे और पिछले दो दिनों से लापता थे। लाश मिलने के बाद इलाके मे सनसनी व्याप्त है, पुलिस मामले की जांच मे जुटी है....

दो दिनों से लापता मदरसा के दों छात्रों का शव पोखर से बरामद,
मदरसा के लापता दों छात्रों का शव पोखर से बरामद- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगरा पांडेय टोला के समीप एक पोखर से दो दिनों से लापता मदरसा के दोनों छात्रों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार को 14 वर्षीय मोहम्मद जैद सदी उर्फ अरबी का शव बरामद हुआ था, जबकि गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को दूसरे लापता 13 वर्षीय अशरफ अली का शव भी पोखर से निकाल लिया गया। दोनों बच्चे सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड स्थित तेतहली बाजार के एक मदरसे में पढ़ते थे।


चंदा वसूलने आए थे पांच छात्र, गन्ना तोड़ने के दौरान खदेड़े जाने के बाद दो हुए थे लापता

सदर एसडीपीओ-1 चंदन कुमार ने बताया कि 23 नवंबर को मदरसे के पांच छात्र हरपुर गांव में चंदा मांगने आए थे और लौटते समय बंगरा गांव के पांडेय टोला के पास खेत में लगे गन्ने को तोड़ने के दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें खदेड़ा था। भागने के क्रम में ग्रामीणों ने कुछ बच्चों को पकड़कर मदरसे पहुंचा दिया था, लेकिन तीन बच्चों के वापस लौटने के बाद दो छात्रों के लापता होने की जानकारी सामने आई, जिस पर 24 नवंबर की शाम थावे थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।


शवों पर बाहरी चोट के निशान नहीं, एफएसएल टीम व पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

एसडीपीओ के मुताबिक, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक तौर पर शवों पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, इसलिए बच्चों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।


बच्चों की मौत के बाद परिवारों में पसरा मातम, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें

एफएसएल जांच के निष्कर्ष, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान से सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की नजर बनी हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होने की प्रतीक्षा है।


नमो नारायण की रिपोर्ट