तरबूज़ खाने के बाद एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, पसरा मातम, फल खाने के पहले हो जाएं सावधान

फल खाना एक परिवार के लिए ऐसा जानलेवा बना कि एक साथ एक ही परिवार के चार लोगों की मौत तरबूज खाने से हो गई .

watermelon- फोटो : news4nation

Watermelon : एक हैरान करने वाली घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत तरबूज खाने से हो गई। दिल दहलाने वाली यह घटना दक्षिणी मुंबई के पायधुनी इलाके में सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना 25 अप्रैल रात की बताई जा रही है। पुलिस शुरुआती जांच में इसे फूड पॉइज़निंग का मामला मानकर जांच कर रही है। मृतकों की पहचान स्थानीय व्यापारी अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) और दो बेटियों आयशा (16) व ज़ैनब (13) के रूप में हुई है। 


जानकारी के अनुसार, परिवार एक रिश्तेदार के यहां दावत में शामिल हुआ था, जहां अन्य सदस्य भी मौजूद थे और सभी ने भोजन किया। रात करीब 10:30 बजे तक सब कुछ सामान्य था। घर लौटने के बाद आधी रात को बच्चों को भूख लगने पर परिवार ने घर में रखा तरबूज़ काटकर खाया। इसके कुछ घंटों बाद तड़के करीब 5 बजे परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर पड़ोस के डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन राहत नहीं मिली। 


बाद में सभी को तत्काल जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दावत में शामिल अन्य लोगों की तबीयत सामान्य है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तरबूज़ के सेवन के बाद ही यह घटना हुई। मामले की जांच जारी है और फूड सैंपल की जांच कराई जा रही है।


डॉक्टरों की सलाह

विशेषज्ञों ने गर्मियों में फलों के सेवन को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार, कटे हुए या लंबे समय तक खुले में रखे फल खाने से बचना चाहिए। साथ ही, फल खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान देना जरूरी है।


संभावित कारण

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे—फल में बैक्टीरिया का संक्रमण, अस्वच्छ तरीके से काटना या लंबे समय तक खुले में रखा जाना। फिलहाल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और लैब जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।