भारी बारिश के बीच बरपा कहर, भूस्खलन से मकान का हिस्सा ढहा, 6 लोगों की गई जान
हादसे की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे मिली। बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल छह लोगों को घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
landslide : भारी बारिश के बीच बुधवार तड़के भूस्खलन के बाद मुंबई में एक चॉल का हिस्सा ढह गया। कुर्ला इलाके के चिरागनगर स्थित गौसिया चॉल में हुए इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हैं। हादसे की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे मिली। घटना के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारियों के मुताबिक, पहाड़ी की ढलान से मिट्टी और मलबा खिसककर नीचे बने दो से तीन मकानों पर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से कई लोग दब गए। राहतकर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल छह लोगों को घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति, अबान आरिफ शेख (2), मनात आरिफ शेख (4) और मरजीना आरिफ शेख (27) के रूप में हुई है।
हादसे में घायल चार लोगों की पहचान सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) के रूप में हुई है। सभी को कुर्ला स्थित बीएमसी के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, चारों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मुंबई में मंगलवार से ही तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में मिट्टी खिसकने का खतरा बढ़ गया है। कुर्ला की घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने भी घटनास्थल और राहत कार्यों की समीक्षा की। प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों और प्रभावित मकानों की स्थिति का भी आकलन कर रही हैं।