5 साल की सियासी दुश्मनी खत्म! पंजाब में एक साथ चुनाव में उतरने को तैयार भाजपा-अकाली दल

भाजपा और अकाली दल का गठबंधन 1990 के दशक में बना। दोनों ने मिलकर छह लोकसभा चुनाव (1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019) और पांच पंजाब विधानसभा चुनाव (1997, 2002, 2007, 2012 और 2017) लड़े हैं। 2022 के पंजाब चुनावों में अलग अलग लड़ा

Punjab Elections- फोटो : news4nation

 Punjab Vidhansabha Election : पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़े सियासी गठजोड़ की सुगबुगाहट तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक बार फिर साथ आने की दिशा में आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मंगलवार दोपहर करीब एक बजे भाजपा मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस बैठक को दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन की दिशा में अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।


दरअसल, भाजपा और अकाली दल लंबे समय तक पंजाब की राजनीति में मजबूत सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों का गठबंधन सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए विवाद के बाद टूट गया था। अकाली दल ने किसानों के आंदोलन और कृषि कानूनों के विरोध के बीच एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। हालांकि, केंद्र सरकार ने बाद में तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे, लेकिन दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही।


 अलग-अलग चुनाव लड़ने का नहीं मिला फायदा

गठबंधन टूटने के बाद दोनों पार्टियों को चुनावी मोर्चे पर नुकसान उठाना पड़ा। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल को महज तीन सीटों पर जीत मिली, जबकि भाजपा केवल दो सीटें हासिल कर सकी। इसके विपरीत, 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत अकाली दल ने 15 और भाजपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी।


2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। अकाली दल को एक सीट मिली, जबकि भाजपा पंजाब में अपना खाता तक नहीं खोल सकी। इन नतीजों ने दोनों दलों के सामने राजनीतिक समीकरणों पर फिर से विचार करने की चुनौती खड़ी कर दी है।


1997 से 2020 तक मजबूत रहा गठबंधन

भाजपा और अकाली दल का गठबंधन 1990 के दशक के अंतिम वर्षों में मजबूत हुआ था। 1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों ने मिलकर 117 में से 93 सीटों पर जीत हासिल की थी। सीट बंटवारे का पारंपरिक फॉर्मूला भी तय था। अकाली दल 94 सीटों पर और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी।


दोनों ने मिलकर छह लोकसभा चुनाव (1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019) और पांच पंजाब विधानसभा चुनाव (1997, 2002, 2007, 2012 और 2017) लड़े हैं। 2022 के पंजाब चुनावों में, जिन्हें उन्होंने अलग-अलग लड़ा था, अकाली दल का प्रदर्शन अब तक का सबसे खराब रहा और उसे केवल तीन सीटें मिलीं। वहीं, बीजेपी को सिर्फ दो सीटें हासिल हुईं।


अकाली दल की ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच पकड़ थी, जबकि भाजपा शहरी क्षेत्रों में अपनी ताकत रखती थी। यही सामाजिक और राजनीतिक समीकरण इस गठबंधन की सबसे बड़ी ताकत थे। अब अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस से एक बार फिर पुराने सहयोग की वापसी की उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि, गठबंधन और सीट बंटवारे पर अंतिम तस्वीर प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही साफ होगी।