Rajiv Gandhi Assassination: राजीव गांधी की हत्या से पहले हटाई गई थी सुरक्षा? सोनिया गांधी के दावे से मचा सियासी बवाल

Rajiv Gandhi Assassination: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने एक बार फिर गंभीर आरोप लगाकर सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है

Sonia Gandhi
'राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी'- फोटो : X

Rajiv Gandhi Assassination: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से जुड़ा पुराना मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने उस दौर की यादें साझा करते हुए ऐसा दावा किया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। उनका कहना है कि राजीव गांधी की सुरक्षा में कटौती कोई सामान्य चूक नहीं थी, बल्कि जानबूझकर ऐसा किया गया था, ताकि उनकी जान को खतरा पैदा हो सके। सोनिया ने ये बातें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ एक बातचीत के दौरान कहीं। इसका वीडियो राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है।

इस बातचीत में सोनिया गांधी ने उन दिनों का जिक्र किया, जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में थे। उस समय वह चुनावी अभियानों के सिलसिले में देश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर रहे थे। सोनिया के मुताबिक, इन दौरों के दौरान कई बार विरोध प्रदर्शन और पथराव जैसी घटनाएं हुईं। ऐसे हालात में उन्हें हमेशा किसी अनहोनी की आशंका सताती रहती थी। उन्होंने बताया कि परिवार की तरफ से सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई, लेकिन संबंधित लोगों ने उनकी फिक्र को तवज्जो नहीं दी।

बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने बिहार दौरे से जुड़ी एक घटना भी याद की। उन्होंने बताया कि पिता के साथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखकर वह काफी परेशान हो गए थे। घर लौटने पर उन्होंने अपनी मां से कहा था कि अगर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो परिवार को जल्द ही राजीव गांधी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटना पड़ सकता है।

दरअसल, यह पूरी चर्चा सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर हुई बातचीत का हिस्सा है। बता दें कि साल 1989 में सत्ता से बाहर होने के बाद राजीव गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। इसके बाद 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनावी सभा के दौरान लिट्टे के आत्मघाती हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी। सोनिया के इस बयान ने तीन दशक से अधिक पुराने घटनाक्रम को फिर बहस के केंद्र में ला दिया है।