पूर्व BJP विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या, चरागाह भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ भड़के ग्रामीण

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप था कि भड़ाना ने चरागाह भूमि पर अतिक्रमण किया था और अवैध खनन गतिविधियों में शामिल थे। विवादित स्टोन क्रशर करीब एक साल से बंद था। इसे दोबारा शुरू करने की कोशिश के बाद स्थानीय लोगों के साथ विवाद और गहरा गया।

Former BJP MLA Atar Singh Bhadana Dies- फोटो : news4nation

पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की कथित तौर पर ग्रामीणों के हमले में राजस्थान के भरतपुर जिले में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात भोंडा गांव में स्टोन क्रशर दोबारा शुरू करने को लेकर विवाद के दौरान भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। भड़ाना को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


पुलिस के अनुसार, स्टोन क्रशर को दोबारा शुरू करने को लेकर भड़ाना और स्थानीय ग्रामीणों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। घटना के बाद गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


स्टोन क्रशर दोबारा शुरू करने को लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक, भड़ाना रविवार रात अपने स्टोन क्रशर स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उन पर तथा उनके सहयोगी पर हमला किया गया। दोनों को पहले वैर के अस्पताल ले जाया गया। बाद में भड़ाना को जयपुर के SMS अस्पताल और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया। भरतपुर जिले के भुसावर के सर्किल ऑफिसर नीरज भारद्वाज ने बताया कि SMS अस्पताल में उपचार के दौरान भड़ाना की मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है।


ग्रामीणों का अवैध खनन का आरोप

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप था कि भड़ाना ने चरागाह भूमि पर अतिक्रमण किया था और अवैध खनन गतिविधियों में शामिल थे। विवादित स्टोन क्रशर करीब एक साल से बंद था। इसे दोबारा शुरू करने की कोशिश के बाद स्थानीय लोगों के साथ विवाद और गहरा गया।


ग्रामीणों का दावा है कि वे पिछले 10 से 15 दिनों से स्टोन क्रशर दोबारा शुरू करने के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप है कि रविवार शाम भड़ाना करीब 40 से 50 लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कोशिश की। इसके बाद विवाद बढ़ गया और हिंसक झड़प हुई।


दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया हमले का आरोप

पुलिस के मुताबिक, इस घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल, गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। घटना के बाद स्टोन क्रशर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।