नालंदा की ज्ञान परंपरा से AI के नए युग तक, बिहार ने बढ़ाया AI सशक्तिकरण की दिशा में कदम
पटना स्थित सीआईएमपी के परिसर में सोमवार को दो दिवसीय कार्यक्रम ‘NALANDAi — AI FOR BILLIONS’ का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में देशभर के विशेषज्ञों व शिक्षाविदों ने अपने विचार और अनुभव साझा किए....
Patna : कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के ज्ञान और उपयोग को महानगरों व चुनिंदा संस्थानों की सीमाओं से आगे बढ़ाकर आम लोगों तक पहुँचाने के उद्देश्य से दो दिवसीय कार्यक्रम ‘NALANDAi — AI FOR BILLIONS’ का सोमवार, 23 नवंबर 2026 को चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना (सीआईएमपी) के परिसर में शुभारंभ हुआ। नालंदा इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल (एनआईएलएफ) द्वारा प्रस्तुत, सीआईएमपी के संस्थागत सहयोग तथा अमात्य फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित यह पहल विद्यार्थियों, शिक्षकों, उद्यमियों, पेशेवरों और युवाओं को एआई की व्यावहारिक समझ व उपयोग से जोड़ने के लिए शुरू की गई है। कार्यक्रम के संस्थागत सहयोगी सीआईएमपी के निदेशक (प्रभारी) प्रो. (डॉ.) राणा सिंह ने स्वागत संबोधन में प्रबंधन शिक्षा, नवाचार और उभरती तकनीकों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
प्रथम दिवस में जेएनयू, सीआईएमपी व उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
आयोजन के प्रथम दिन शिक्षा, शोध, तकनीक, स्टार्टअप और कॉरपोरेट जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। इनमें प्रो. टी. वी. विजय कुमार (अध्यक्ष, स्पेशल सेंटर फॉर ई-लर्निंग, जेएनयू), प्रो. (डॉ.) राणा सिंह (निदेशक प्रभारी, सीआईएमपी), विशाल माथुर (ग्लोबल पार्टनर सॉल्यूशंस आर्किटेक्ट, जेडस्केलर), आनंद कुमार (मैनेजिंग पार्टनर, पियर काउंसिल), अंकुर दिनेश गर्ग (चीफ ऑफ एआई एवं सीटीओ, एलरा एआई व संस्थापक, व्रोजार्ट ग्रुप), कविंद्र मोहन मिश्रा (स्वतंत्र एआई सलाहकार) और आदित्य बिक्रम (एआई प्रिंसिपल स्ट्रैटेजिस्ट, सीईओ ऑफिस, त्वराह) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जेनरेटिव एआई, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग व ऑटोमेशन सहित व्यावहारिक टूल्स का प्रशिक्षण
कार्यक्रम की रूपरेखा के तहत दो दिनों में लगभग 16 घंटे के गहन और प्रयोग-आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अध्ययन, कार्य, व्यवसाय और रचनात्मक गतिविधियों में एआई के उपयोग के कौशल से जोड़ा जा रहा है। प्रशिक्षण में जेनरेटिव एआई, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, एआई आधारित रिसर्च व प्रोडक्टिविटी, वेबसाइट और एप्लिकेशन निर्माण, एआई एजेंट्स, वर्कफ्लो ऑटोमेशन, व्यवसाय में एआई के उपयोग तथा डिजिटल कंटेंट निर्माण शामिल हैं, साथ ही प्रतिभागियों को चैटजीपीटी, क्लॉड, जेमिनी, ग्रोक, परप्लेक्सिटी, रेप्लिट, एन8एन, कैनवा एआई, रनवे और नोटबुकएलएम जैसे टूल्स व प्लेटफॉर्म से परिचित कराया जा रहा है।
प्राचीन नालंदा की ज्ञान परंपरा से प्रेरित पहल, ‘गाँव-गाँव तक एआई’ का संकल्प
आयोजकों के अनुसार, यह पहल प्राचीन नालंदा की ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास है और इसका उद्देश्य छोटे शहरों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, सिविल सेवा अभ्यर्थियों, उद्यमियों व ग्रामीण प्रतिभाओं को भी तकनीकी परिवर्तन में समान भागीदार बनाना है। NALANDAi की परिकल्पना एवं स्थापना सह-संस्थापक वैशाली सेटा और अदिति नंदन ने की है, जबकि दिव्याभ आर्यन इस पहल के क्यूरेटर हैं और आयोजक इसे ‘गाँव-गाँव तक एआई’ की भावना के साथ एक व्यापक जन-अभियान के रूप में विकसित करने की परिकल्पना कर रहे हैं।
24 नवंबर को भी जारी रहेंगे सत्र, सफलतापूर्वक पूर्ण करने वालों को मिलेगा प्रमाणपत्र
कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 24 नवंबर को भी विशेषज्ञों के सत्र, व्यावहारिक प्रशिक्षण और एआई के नए अनुप्रयोगों पर केंद्रित गतिविधियाँ जारी रहेंगी। आयोजन को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को NALANDAi और सीआईएमपी की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जबकि निर्धारित पात्रता एवं मूल्यांकन शर्तों के अधीन सिस्को सर्टिफिकेशन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी उपलब्ध हो सकता है।