योगी के दरबार में पहुंचे बृजभूषण, एक घंटे बंद कमरे में बातचीत; यूपी में नए समीकरण की आहट!

उत्तर प्रदेश की राजनीति में दोनों नेताओं की अपनी अलग राजनीतिक हैसियत और प्रभाव है। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं, दूसरी तरफ बृजभूषण शरण सिंह हैं, जिनकी गोंडा, कैसरगंज और देवीपाटन मंडल के आसपास की राजनीति में मजबूत पकड़ है

Yogi Adityanath Meets Brij Bhushan Sharan Singh - फोटो : news4nation

UP Election :  उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले एक नई राजनीतिक पटकथा लिखी जा रही है? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। गुरुवार देर शाम बृजभूषण शरण सिंह अचानक लखनऊ के पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे से अधिक समय तक बंद कमरे में बातचीत हुई। इस मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट मानना आसान नहीं है। खासकर तब, जब पिछले कुछ समय से बृजभूषण शरण सिंह के बयानों और भाजपा से उनके रिश्तों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।


उत्तर प्रदेश की राजनीति में दोनों नेताओं की अपनी अलग राजनीतिक हैसियत और प्रभाव है। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं, जिनके हाथ में प्रदेश की सत्ता और संगठनात्मक समीकरणों को साधने की जिम्मेदारी है। दूसरी तरफ बृजभूषण शरण सिंह हैं, जिनकी गोंडा, कैसरगंज और देवीपाटन मंडल के आसपास की राजनीति में मजबूत पकड़ मानी जाती है। ऐसे में विधानसभा चुनाव की दहलीज पर दोनों की लंबी मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। क्या यूपी में राजपूत राजनीति के दो प्रभावशाली चेहरों के बीच नई सियासी खिचड़ी पक रही है या फिर पुराने गिले-शिकवे दूर करने की कोशिश हुई है?


अमित शाह की नसीहत के बाद मुलाकात के मायने

इस मुलाकात को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उस नसीहत से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने गिले-शिकवे भुलाकर आगे बढ़ने की बात कही थी। हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचने की वजह योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करना बताया। लेकिन औपचारिक शिष्टाचार के लिए हुई मुलाकात का एक घंटे से अधिक चलना अपने आप में राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे रहा है।


भाजपा से नाराजगी के संकेत देते रहे हैं बृजभूषण

बृजभूषण शरण सिंह और भाजपा के रिश्तों में पिछले कुछ समय से सहजता की कमी दिखाई देती रही है। महिला पहलवानों से जुड़े विवाद के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कैसरगंज से उनका टिकट काटकर उनके बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद बृजभूषण कई मौकों पर अपने बयानों से पार्टी नेतृत्व को असहज करते रहे। कभी उन्होंने मुलायम सिंह यादव की तारीफ की तो कभी अखिलेश यादव को लेकर ऐसे बयान दिए, जिनसे राजनीतिक चर्चाएं तेज हुईं। हालांकि, उनका परिवार भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है। उनके बेटे करण भूषण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद हैं, जबकि प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर से विधायक हैं।


योगी के दौरे से पहले क्यों अहम है यह मुलाकात?

दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंडा, बलरामपुर और देवीपाटन क्षेत्र के दौरे पर जा रहे हैं। देवीपाटन मंदिर में उनका रात्रि विश्राम भी प्रस्तावित है। यह इलाका बृजभूषण शरण सिंह का राजनीतिक प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले हुई इस मुलाकात को क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।


फिलहाल दोनों नेताओं के बीच बातचीत का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है। लेकिन इतना तय है कि इस मुलाकात ने यूपी की राजनीति में एक नया सवाल खड़ा कर दिया है, क्या चुनाव से पहले योगी और बृजभूषण के बीच दूरियां कम हो रही हैं? या फिर आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति में कोई नया समीकरण देखने को मिलेगा?