नीतीश के बिहार मॉडल का जिक्र कर बिजेंद्र यादव ने महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा, परिसीमन से बदलेगा सियासी गणित

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही फिर से शुरू होने वाली है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाई गई है। जरूरत के मुताबिक दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।

Bijendra Yadav
Bijendra Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू करने की तैयारी की है। इस बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि महिला आरक्षण बहुत अच्छी बात है। मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार ने बिहार में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण देने का काम किया। आज सरकारी नौकरियों में भी आधी आबादी की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।


बिजेंद्र यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी परिसीमन होता रहा है। ऐसे में परिसीमन को लेकर विरोध का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करता है तो उसे महिला विरोधी माना जाएगा। उनके इस बयान को महिला आरक्षण के मुद्दे पर एनडीए की राजनीतिक रणनीति और विपक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।


30 नवंबर से संसद में फिर गरमाएगा महिला आरक्षण का मुद्दा

दरअसल, संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही फिर से शुरू होने वाली है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाई गई है। जरूरत के मुताबिक दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी दी है। सरकार ने इसे आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए बैठक बताया है, लेकिन महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को दोबारा लाने की संभावना के कारण राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। 

 

इस पूरे घटनाक्रम का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि सरकार महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। हालांकि, इसका क्रियान्वयन जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। प्रस्तावित संशोधन के जरिए इस प्रक्रिया को पहले पूरा करने का रास्ता तैयार करने की चर्चा है।


परिसीमन का अर्थ लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं तथा सीटों का पुनर्निर्धारण करना है। इससे संसद में राज्यों का प्रतिनिधित्व और सीटों की संख्या भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए यह सिर्फ महिला आरक्षण नहीं, बल्कि देश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।


एनडीए के सामने दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती

महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन को पारित कराने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। अप्रैल में लोकसभा में पेश संविधान (131वां संशोधन) विधेयक को 528 सांसदों के मतदान में 298 वोट समर्थन में और 230 वोट विरोध में मिले थे। जबकि इसे पारित कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। इस तरह सरकार को 54 वोट कम मिले थे। 

 

अब एनडीए ने संख्या बल मजबूत करने की रणनीति पर काम किया है। लोकसभा में एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। सरकार की नजर टीएमसी से अलग हुए 20 सांसदों, शिवसेना (यूबीटी) से आए छह सांसदों और वाईएसआर कांग्रेस, डीएमके तथा एनसीपी (शरद पवार) जैसे क्षेत्रीय दलों के समर्थन पर भी है। हालांकि, 540 की मौजूदा प्रभावी सदस्य संख्या के आधार पर दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए। ऐसे में सरकार को विपक्षी दलों का समर्थन या अनुपस्थिति के जरिए संख्या का गणित अपने पक्ष में करना होगा। 

 

आनंद मोहन मामले में बड़ा बयान 

वहीं, उपमुख्यमंत्री ने आनंद मोहन से जुड़े मामले पर कहा कि यह न्यायपालिका का विषय है और कानूनी प्रक्रिया चलती रहती है। तेजस्वी यादव के बयानों पर उन्होंने कहा कि वे कुछ भी बोलते रहते हैं। चेतन आनंद की बैठक को लेकर भी उन्होंने कहा कि वे अपनी बैठक करें, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ही फैसला होगा। निशांत कुमार को जिम्मेदारी दिए जाने पर बिजेंद्र यादव ने इसे सही फैसला बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जिम्मेदारी दी गई है, यह अच्छा निर्णय है।