उत्तराखंड में भीषण बस हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 8 की मौत, बिहार के पटना और जहानाबाद के भी यात्री
बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। सुबह करीब 4:30 बजे गूलर पुल के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद 8 लोगों की मौत की खबर है. बस में 35 के करीब यात्री थे
Uttarakhand Bus Accident : उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में बिहार, झारखंड, असम, दिल्ली और उत्तराखंड के यात्री शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की बस हरिद्वार से जोशीमठ की ओर जा रही थी। बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। सुबह करीब 4:30 बजे गूलर पुल के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी पोस्ट से सब इंस्पेक्टर सवार सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ढालवाला पोस्ट की टीम और पुलिस ने भी राहत एवं बचाव अभियान में हिस्सा लिया। दुर्गम पहाड़ी इलाके के कारण बचावकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतकों के शव बस से निकालकर सड़क तक पहुंचाए गए। घायलों को स्ट्रेचर की मदद से खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।
बिहार, झारखंड और असम के यात्री घायल
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घायलों में 13 यात्रियों की पहचान सामने आई है। इनमें बिहार के पटना निवासी 24 वर्षीय राहुल कुमार और जहानाबाद के घोषी निवासी 38 वर्षीय संतोष कुमार शामिल हैं। झारखंड के दुमका जिले के मोहम्मद वहाब अंसारी, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू और राजकुमार भी घायल हुए हैं। असम के गुवाहाटी निवासी तीन वर्षीय आयरा और 26 वर्षीय नूर जहां का नाम भी घायलों की सूची में है।
इसके अलावा उत्तराखंड के जसपुर निवासी अभिषेक, खटीमा निवासी प्रत्यूष, रुद्रप्रयाग निवासी पंकज नेगी और चमोली के वीरेंद्र सिंह तथा दिल्ली के शाहदरा निवासी जतिन घायल यात्रियों में शामिल हैं। फिलहाल मृतकों की पूरी पहचान सार्वजनिक होने की पुष्टि नहीं हुई है।
तेज रफ्तार को हादसे की वजह बता रहा घायल यात्री
हादसे में घायल यात्री पंकज ने बताया कि बस चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। यात्रियों ने दो-तीन बार उसे गाड़ी धीमी चलाने के लिए कहा था, लेकिन चालक की गति कम नहीं हुई। पंकज के मुताबिक, वह कुछ देर के लिए सो गया था और इसके बाद उसे हादसे के बारे में पता चला। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं। अधिकारियों ने घायलों के इलाज और दुर्घटना के कारणों की जांच की प्रक्रिया शुरू की है।