NHAI की बड़ी लापरवाही ! ऊपर सड़क, नीचे खोखली जमीन, मुजफ्फरपुर में एक साल में ही धंसने लगी फोरलेन
सड़क के आसपास बने पुल की गुणवत्ता को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, उद्घाटन से पहले ही पुल में कई जगह दरारें दिखाई दी थीं।
Bihar News : बिहार में सड़कों के निर्माण और गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुजफ्फरपुर-हाजीपुर फोरलेन से जुड़ी मधौल-कांटी सड़क का उद्घाटन हुए अभी महज एक साल ही बीता है, लेकिन इसकी हालत देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। सड़क के नीचे की मिट्टी धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ सकती है। आशंका है कि अगर समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का बड़ा हिस्सा कभी भी ध्वस्त हो सकता है।
सड़क के नीचे धंसी मिट्टी, बना बड़ा गड्ढा
दरअसल, मुजफ्फरपुर-हाजीपुर फोरलेन के मुख्य मार्ग पर मधौल से कांटी को जोड़ने वाली सड़क का उद्घाटन करीब एक साल पहले किया गया था। लेकिन एक साल के भीतर ही सड़क की स्थिति चिंताजनक होने लगी है। मधौल अंडरपास के समीप सड़क के नीचे की मिट्टी काफी हद तक धंस गई है, जिससे अंदर बड़ा गड्ढा बन गया है। ऊपर से देखने पर सड़क सामान्य नजर आ सकती है, लेकिन अंदर की मिट्टी का इस तरह धंसना किसी बड़े खतरे का संकेत है।
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इस मार्ग से लगातार भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। अगर कोई भारी वाहन धंसे हुए हिस्से के ऊपर से गुजरता है तो सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक टूट सकता है। इससे वाहन दुर्घटना होने के साथ जान-माल का भारी नुकसान भी हो सकता है।

पहले पुल में आई थी दरारें, अब सड़क की गुणवत्ता पर सवाल
सड़क के आसपास बने पुल की गुणवत्ता को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, उद्घाटन से पहले ही पुल में कई जगह दरारें दिखाई दी थीं। उस समय इस मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे थे और पुल की दरारों को दुरुस्त कराया गया था। लेकिन अब उसी इलाके में फोरलेन सड़क के नीचे मिट्टी धंसने की घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या हादसे का इंतजार कर रहे हैं अधिकारी?
सड़क के नीचे मिट्टी धंसने जैसी गंभीर स्थिति सामने आने के बावजूद अब तक संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखने का आरोप लगाया जा रहा है। सवाल यह है कि क्या राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और जिला प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे? क्या सड़क की नियमित निगरानी और रखरखाव की जिम्मेदारी केवल कागजों तक सीमित रह गई है?
हैरानी की बात यह भी है कि टोल टैक्स वसूले जाने वाले मार्गों पर भी कई जगह गड्ढे और जर्जर सड़कें देखने को मिलती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब वाहन चालकों से टोल टैक्स लिया जा रहा है तो सड़कों के रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
मणिभूषण की रिपोर्ट