Bhojpur road accident: भोजपुर में सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार, पति की मौत और पत्नी जिंदगी-मौत से जूझ रही

Bhojpur road accident: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में आरा-बक्सर फोरलेन पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार पुजारी सुजीत कुमार पांडेय की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।

Bhojpur road accident: भोजपुर के आरा-बक्सर फोरलेन पर शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।


मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव निवासी स्वर्गीय हृदयनंद पांडेय के 45 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पांडेय के रूप में हुई है। वह पेशे से पुजारी थे और पूजा-पाठ कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।


शाहपुर से बिहिया जा रहे थे दंपती


मृतक के चचेरे भाई सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि सुजीत कुमार पांडेय अपनी पत्नी मुन्नी देवी के साथ शाहपुर से बिहिया जा रहे थे। इसी दौरान बिलौटी गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सुजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।


परिवार में मचा कोहराम


बताया जाता है कि सुजीत कुमार पांडेय तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, बेटा आयुष पांडेय और बेटी सोनाक्षी पांडेय हैं।


रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा