Bhojpur murder: भोजपुर में जमीन के लिए खूनी खेल! 70 साल के किसान की पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Bhojpur murder: भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव में दो कट्ठा जमीन के विवाद में 70 वर्षीय किसान काशी यादव की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार किया।

 Bhojpur murder: बिहार के भोजपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग किसान की पीटकर हत्या कर दी गई। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव में 70 वर्षीय किसान काशीनाथ सिंह उर्फ काशी यादव की लाठी-डंडों से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने अपने ही पट्टीदार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया है।


खेत देखने गए थे बुजुर्ग किसान


जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे काशी यादव अपने खेत देखने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान धान के खेत के पास उनका अपने पट्टीदार सुनील यादव से जमीन को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद करीब दो कट्ठा जमीन को लेकर था।


जगदीशपुर के एसडीपीओ रवि कुमार के अनुसार, इसी दौरान सुनील यादव ने कथित तौर पर काशी यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


खेती करके चलाते थे परिवार


मृतक की पहचान रूपबांध गांव निवासी स्वर्गीय राम यादव के पुत्र काशीनाथ सिंह उर्फ काशी यादव के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया।


पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा


घटना की सूचना मिलने के बाद जगदीशपुर थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मुख्य आरोपी सुनील यादव को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


जमीन विवाद में गई बुजुर्ग की जान


महज दो कट्ठा जमीन को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग किसान की मौत ने गांव में तनाव पैदा कर दिया है। पुलिस घटना के पूरे हालात और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की स्थिति जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी।

रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा