Bhojpur Ganja Smuggling Case: भोजपुर में गांजा तस्करी के बड़े मामले में अदालत का बड़ा फैसला! दो दोषियों को मिली 10 साल की सजा

Bhojpur Ganja Smuggling Case: भोजपुर में गांजा तस्करी के बड़े मामले में अदालत का कड़ा फैसला सामने आया है। मामले में 2386 किलो गांजा बरामद किया है, जिसमें दो आरोपियों को 10 साल की जेल और एक लाख जुर्माना सुनाया गया है।

गांजा तस्करी के मामले में बड़ा फैसला!- फोटो : social media

Bhojpur Ganja Smuggling Case: भोजपुर जिले में गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है। भोजपुर पुलिस द्वारा पेश किए गए सबूत, चार्जशीट और गवाहों की गवाही के आधार पर माननीय एडीजे-17 कोर्ट, भोजपुर ने दो आरोपियों को दोषी करार दिया है। अदालत ने दोनों को 10 साल की सख्त जेल और एक-एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना नहीं देने पर उन्हें 6 महीने की अतिरिक्त जेल भी काटनी होगी।

यह मामला उदवंतनगर थाना कांड संख्या 63/21 से जुड़ा है। इस केस में जिन दो लोगों को सजा सुनाई गई है, उनके नाम हैं

मिठु सिंह, पिता स्वर्गीय शक्ति सिंह

हाकिम साह, पिता स्वर्गीय राजेन्द्र साह

दोनों आरोपी गौसगंज, थाना आरा नगर, जिला भोजपुर के रहने वाले हैं। इन पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (c) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जानें कब का है मामला?

यह पूरा मामला 4 फरवरी 2021 का है। उस दिन गजराजगंज ओपी (उदवंतनगर थाना) को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़ी मात्रा में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की योजना बनाई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने विनोद सिंह, पिता शिव पूजन सिंह के गोदाम पर कार्रवाई की। गोदाम में ऊपर से नींबू भरे बैग रखे गए थे, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो उन्हीं बैगों की आड़ में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।

2386.615 किलो गांजा बरामद किया

पुलिस ने मौके से कुल 2386.615 किलो गांजा बरामद किया। यह बरामदगी जिले की अब तक की बड़ी गांजा पकड़ में से एक मानी जा रही है। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच की, सबूत जुटाए और अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल की। अदालत ने माना कि यह संगठित तरीके से की गई मादक पदार्थों की तस्करी थी। इसी आधार पर दोनों आरोपियों को सख्त सजा दी गई। इस फैसले से साफ संदेश गया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

आरा भोजपुर से आशीष की रिपोर्ट