Bihar News : भोजपुर में ट्रक चालकों से अवैध वसूली करना पड़ा महंगा, एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
Bihar News : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र स्थित खैरा चेक पोस्ट पर ट्रक चालकों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने का एक मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है।
ARA : भोजपुर जिले में पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रक चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सहार थाना क्षेत्र के खैरा चेक पोस्ट पर पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रक चालकों से पैसे लेने से संबंधित एक वीडियो 31 अक्टूबर 2026 को संज्ञान में आया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पीरो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। जांच के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबित पुलिसकर्मियों में पीटीसी 325 महेंद्र कुमार, सिपाही संख्या 1244 मृत्युंजय राय और सिपाही संख्या 1918 अमित कुमार शामिल हैं।
भोजपुर पुलिस के अनुसार, मामले में दोषी पाए गए तीनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों के कार्य और आचरण में पारदर्शिता बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि, भ्रष्टाचार अथवा अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के माध्यम से भोजपुर पुलिस ने अपने कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्य में लापरवाही और अनुचित आचरण करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आशीष की रिपोर्ट