Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana:बिहार की 25 लाख महिलाओं के खाते आ गए 10-10 हजार रुपए, सीएम ने ट्रांसफर किए 2500 करोड़, बहनों को मिला रोजगार संबल
मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार की सियासत में आज महिला सशक्तिकरण का बड़ा पैगाम दिया गया। मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। सत्ता के गलियारों में इसे आर्थिक आज़ादी की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है।
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भोजपुर जिला मुख्यालय समेत सभी 14 प्रखंडों में किया गया। भोजपुर जिले की करीब 4,15,375 महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिला। जीविका दीदियों ने भारी उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और अपने तजुर्बे साझा करते हुए बताया कि इस आर्थिक मदद से उनकी आजीविका गतिविधियों को नई रफ्तार मिली है।
समाहरणालय सभागार, भोजपुर में आयोजित समारोह के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राशि अंतरण की प्रक्रिया पूरी की गई। जिलाधिकारी भोजपुर ने इसे महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत बुनियाद करार दिया। उनका कहना था कि इस सहयोग से स्वरोजगार, लघु उद्योग और स्वयं सहायता समूहों को नई ताकत मिली है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। करीब 150 जीविका दीदियों की मौजूदगी ने आयोजन को जन-आंदोलन का स्वरूप दे दिया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिला मतदाताओं को सियासी संदेश भी है। सीधे खातों में राशि अंतरण की रणनीति सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही का प्रदर्शन है। अब देखना है कि यह ‘डिजिटल ट्रांसफर’ जमीनी हकीकत में कितनी दूर तक असर दिखाता है और महिलाओं के आर्थिक मुकाम को कितना मजबूत बनाता है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार