Bihar Road Accident : भोजपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान हुई मौत, गांव में पसरा मातम
Bihar Road Accident : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़का डुमरा गांव में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई.....पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़का डुमरा गांव में सड़क दुर्घटना में घायल एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 64 वर्षीय देव कुमार भगत, पिता परमेश्वर भगत, निवासी ग्राम बड़का डुमरा, थाना मुफस्सिल के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते रविवार, 15 नवंबर 2026 की संध्या को बड़का डुमरा सरकारी विद्यालय के समीप एक अज्ञात वाहन ने देव कुमार भगत को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि देव कुमार भगत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। परिजनों के अनुसार, तीनों बच्चों की शादी हो चुकी थी। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले देव कुमार की असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण इस दुखद घटना से मर्माहत हैं। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर किया है।
आशीष की रिपोर्ट