Bihar accident news - तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर बाइक से जा रहे मर्चेंट नेवी के जवान की मौत, मुंबई में थी पोस्टिंग
Bihar accident news - ससुराल से बाइक से लौटने के दौरान मर्चेंट नेवी जवान को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें उसकी मौके पर मौत हो गई।
Arrah - बिहार के भोजपुर में फिर सड़क हादसे में मर्चेंट नेवी के एक जवान को अपनी जान गंवानी पड़ी। हादसा आरा-छपरा फोरलेन पर बबुरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव के पास बीते सोमवार को हुआ। जब ससुराल से लौट रहे जवान को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
पुलिस ने मृतक की पहचान बबुरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी बलेश्वर सिंह के 37 वर्षीय बेटे प्रमोद कुमार उर्फ प्रमोद कुमार सिंह के रूप में की है। परिवार के लोगों ने बताया कि वह मुंबई में पोस्टेड थे। कुछ महीने पहले गल्फ कंट्री कतर में कार्यरत हुए थे।
पत्नी बच्चों के साथ मायके में थी
मृतक के चचेरे भाई आशीष कुमार बताया कि प्रमोद की पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके में थी। रविवार को वे इंग्लिशपुर गांव से बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल कोईलवर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव गए हुए थे। वापस लौटने के दौरान बालू लदे ट्रक ने कुचल दिया। बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाई और 2 बहनों में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां मीना देवी, पत्नी अंकित सिंह और 2 बेटे शिनु और प्रिंसी है।
आक्रोशित लोगों ने घंटों किया सड़क जाम
आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने इंग्लिशपुर गांल के पास डिवाइडर बनाने और मुआवजे की मांग को लेकर शव को रखकर सड़क जाम किया। लोगों ने आगजनी भी की। करीब साढ़े 3 घंटे तक सड़क जाम रहा।
सूचना के बाद कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र, बबुरा थानध्यक्ष राजीव रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त करवाया। तब जाकर परिचालन शुरू हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।