Bihar Crime : भोजपुर में बदमाशों ने गोली मारकर युवक को किया जख्मी, अस्पताल में चल रहा है इलाज
ARA : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के छोटका चंदा गांव स्थित यज्ञशाला महावीर मंदिर के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक को गोली बाएं पैर में जांघ पर लगी है। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के पीछे आपसी विवाद को कारण बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के छोटका चंदा गांव के रहने वाले शिव भजन राय के 25 साल के बेटे विनोद कुमार के रूप में हुई है।
घटना को लेकर गांव में आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। घटना की सूचना मिलते ही कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं। अस्पताल में एडमिट विनोद कुमार ने बताया कि मेरे बड़े भाई मंतोष कुमार उदवंतनगर प्रखंड के पशु पालन विभाग में प्राइवेट से काम करते हैं।
शनिवार की रात मंतोष ड्यूटी से वापस जब घर लौट रहे थे। तभी बीच रास्ते में गांव के चार युवक उन्हें घेर कर उन्हें गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद मंतोष घर चले आए। अपने भाई मंतोष के साथ गाली-गलौज करने वाले आरोपियों के घर पहुंचे और रात को हुई घटना की शिकायत की। इसके बाद आरोपी पक्ष की ओर से दोबारा गाली-गलौज की गई और हम दोनों भाईयों के साथ मारपीट की जाने लगी। फिर भाई ने स्थानीय थाने में शिकायत की। जब मंतोष और मैं थाना से लौटे, तो आरोपी पक्ष दोबारा लाठी-डंडा और हथियार लेकर हमारे घर आ गए और मारपीट करने लगे। इसी दौरान बदमाशों की ओऱ से मुझे गोली मार दी गई।
घायल विनोद कुमार ने गांव के ही अनिल कुमार, रामजी राय, मनीष कुमार समेत उनके साथ रहे अन्य लोगों पर मारपीट करने एवं अनिल कुमार, रामजी राय और मनीष कुमार पर फायरिंग का आरोप लगाया है। वहीं,कोइलवर SDPO 2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पड़ोसी से ही इन लोगों का आपसी विवाद है। सुबह में भी झगड़ा हुआ था। उसी विवाद को लेकर गोली मारी गई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगो को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आशीष की रिपोर्ट