Bihar police - पुलिस की स्पीड के आगे अपराधी फेल, लूट के एक घंटे के अंदर अपराधियों को किया गिरफ्तार, लूटी गई रकम भी बरामद
Bihar police - लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद जितनी तेजी से अपराधी भागे, उसकी दोगुनी गति से पुलिस उनके गिरेबां तक पहुंच गई। इस दौरान लूटी गई रकम भी जब्त कर ली गई।
Arrah - भोजपुर जिले के संदेश में लूट की घटना घटित होने के महज एक घंटे के अंदर ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सतर्कता और तत्परता से घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ लिया गया है और लूट के पैसे भी बरामद कर लिए गए है। जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और बढ़ा है। वहीं पुलिस गिरफ्तार किए गए लुटेरों से पूरे मामले की गहन पूछताछ में जुटी है।
भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने बताया कि शुक्रवार को संदेश थाना क्षेत्र में करीब सवा तीन बजे सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर अज्ञात अपराधियों द्वारा 4 लाख 74 हजार रुपए लूट लिया गया था। इस घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कराई। उसके बाद अजीमाबाद थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के अंतराल में और संदेश थाना पीछा कर रही थी।
वहीं अजीमाबाद थाना ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से लुटा गया पूरा अमाउंट 4 लाख 74 हजार रुपए को बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार लुटेरों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयोग किया गया बाइक बरामद किया गया है। वहीं गिरफ्तार किया गया अपराधी पवना थाना क्षेत्र का निवासी पिंटू कुमार और अमित कुमार है। वहीं दोनों के साथ आए अपराधियों की पहचान कर ली गई है।
वहीं एसपी ने बताया कि अन्य अपराधियों की छापेमारी के लिए हमलोगों ने एक टीम गठित किया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी चल रही है। सबसे अच्छी बात है कि घटना के एक घंटे के अंदर ही पीछा करते हुए दोनों की गिरफ्तारी की गई है। वहीं पुलिस अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
रिपोर्टर : आशीष कुमार, भोजपुर आरा