Bihar News: भोजपुर में बड़ा हादसा, बनास नदी में डूबे दो बच्चे, 16 घंटे बाद भी तलाश जारी

Bihar News:बनास नदी में स्नान करने गए दो बच्चे अचानक पानी के तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर की चपेट में आकर डूब गए।...

भोजपुर में बड़ा हादसा- फोटो : reporter

Bihar News: भोजपुर जिले के गढ़हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। बनास नदी में स्नान करने गए दो बच्चे अचानक पानी के तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर की चपेट में आकर डूब गए। हादसे के करीब 16 घंटे बीत जाने के बावजूद दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। लापता बच्चों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। उधर, बच्चों के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में गम तथा आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शांति नगर मोहल्ले के रहने वाले छह बच्चे नहाने के लिए बनास नदी में गए थे। सभी बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक वे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चार बच्चों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो बच्चे पानी में समा गए।

लापता बच्चों की पहचान शांति नगर मोहल्ला निवासी हिमांशु कुमार और प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर बचाव अभियान शुरू कराया गया।

बताया जाता है कि देर रात तक एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया। रात में अभियान के बावजूद सफलता नहीं मिलने के बाद एक बार फिर करीब 16 घंटे बीतने पर एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। नदी के विभिन्न हिस्सों में लापता बच्चों की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बनास नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने के कारण पानी का बहाव तेज हो गया था। इसी दौरान स्नान कर रहे बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए। हादसे के बाद से ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर डटे हुए हैं और बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।इधर, दोनों बच्चों के लापता होने से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजन बेसब्री से बच्चों के मिलने की आस लगाए बैठे हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है और पूरे इलाके की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दोनों बच्चों का कब तक पता चल पाता है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार