Bihar Road Accident: NH-139 बना मौत का हाईवे! तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को उड़ाया, दो युवकों की दर्दनाक मौत
Bihar Road Accident: औरंगाबाद में रफ्तार का ऐसा खौफनाक कहर देखने को मिला, जिसने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।...
Bihar Road Accident: औरंगाबाद में रफ्तार का ऐसा खौफनाक कहर देखने को मिला, जिसने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चतरा मोड़ के समीप एनएच-139 पर बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी होकर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मृतकों की पहचान रिसियप थाना क्षेत्र के घेउरा गांव निवासी नरेंद्र पासवान (18) और पाचु कुमार पासवान (19) के रूप में हुई है। वहीं, घायल सोनू कुमार (18) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक गोवर्धन पूजा के अवसर पर मदनपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान चतरा मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पाचु ने भी दम तोड़ दिया।
इस हादसे के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। राजद नेता सुबोध कुमार और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डायल-112 की पुलिस एंबुलेंस का इंतजार करती रही, जिससे घायल पाचु को समय पर इलाज नहीं मिल सका। हालांकि, यह ग्रामीणों का आरोप है।एनएच-139 पर महज 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही मौतों से इलाके में दहशत और आक्रोश है।
राजद नेता ने सरकार को चेतावनी देते हुए छठ पूजा के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाने और ठोस समाधान नहीं निकलने पर अनिश्चितकालीन सड़क जाम करने का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम भी किया, जिसे अधिकारियों के समझाने के बाद हटाया गया।
रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर