Bihar news:आस्था के महापर्व पर देव पहुंचीं ओडिशा डीजीपी की पत्नी ममता मिश्रा, कुष्ठ निवारण तालाब में दिया प्रथम अर्घ्य
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बिनायतोष मिश्रा की धर्मपत्नी ममता मिश्रा ने देव स्थित पौराणिक कुष्ठ निवारण तालाब में पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया। उनके इस आगमन से छठ महापर्व की भव्यता
Bihar news:लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले अर्घ्य के पावन अवसर पर भगवान भास्कर की ऐतिहासिक नगरी देव में एक बेहद खास मेहमान का आगमन हुआ। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बिनायतोष मिश्रा की धर्मपत्नी ममता मिश्रा ने देव स्थित पौराणिक कुष्ठ निवारण तालाब में पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया। उनके इस आगमन से छठ महापर्व की भव्यता और आध्यात्मिक छटा और भी निखर गई।
सूर्य को अर्घ्य देने के पश्चात ममता मिश्रा ने त्रेतायुगीन निर्मित प्राचीन एवं विश्व प्रसिद्ध पश्चिममुखी सूर्य मंदिर में पहुंचकर भगवान भास्कर के तीनों रूपों के दर्शन और पूजन किए। इस दौरान मंदिर कमेटी द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। कमेटी के सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र और भगवान भास्कर का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उनके साथ आईं उनकी माता जी का भी मंदिर प्रशासन की ओर से भव्य अभिनंदन किया गया।
दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ममता मिश्रा ने देव की महिमा और अपने पुराने जुड़ाव को साझा किया। उन्होंने कहा कि कार्तिक मास के इन चार दिनों में कुष्ठ निवारण तालाब में भगवान सूर्य की असीम कृपा बरसती है, जिसकी पुष्टि हिंदू शास्त्रों के साथ-साथ विज्ञान भी करता है। उन्होंने इस मंदिर को पूरी दुनिया में अद्वितीय बताया।
अपने पारिवारिक जुड़ाव को याद करते हुए उन्होंने भावुक होकर बताया कि जब औरंगाबाद नया जिला बना था, तब उनके पिता यहां उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज इस पवित्र भूमि पर आकर और आप सभी के स्नेह व भगवान भास्कर की कृपा से आशीर्वाद पाकर वे स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं। अंत में उन्होंने कहा कि छठ पर्व आज औरंगाबाद से निकलकर वैश्विक पहचान बना चुका है और उन्होंने समस्त जिलावासियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
Report dinanath