Bihar cm:लोक आस्था के महापर्व छठ पर पैतृक गांव पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सपरिवार उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य
लोक आस्था के महापर्व छठ पर पैतृक गांव पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सपरिवार उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य
Biharcm: लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने गृह जिले मुंगेर के तारापुर स्थित पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे। सोमवार की सुबह उन्होंने अपने परिवार के साथ पारंपरिक विधि-विधान से उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार देर रात राजधानी पटना से सड़क मार्ग के जरिए अपने पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे थे। सोमवार की अहले सुबह मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी, पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छठ पूजा में शामिल होने के लिए अपने पैतृक आवास से रवाना हुए। इस दौरान गांव के लोगों में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने अपने परिजनों के साथ लखनपुर उत्तर टोला स्थित छठ घाट पर पहुंचकर व्रतियों के साथ मिलकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। महापर्व की इस पावन बेला पर पूरा वातावरण छठ के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने घाट पर मौजूद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से लखनपुर स्थित छठ घाट पर विशेष तैयारियां की गई थीं। पूरे घाट परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर व्यापक साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। छठ घाट और आसपास के पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। गांव की ओर आने-जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही थी, ताकि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। इस तरह मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के संग पारंपरिक अंदाज में महापर्व छठ मनाया।
Report. Imtyaz