Bihar News : औरंगाबाद में रंजीत हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी ने ही ससुराल वालों और ग्रामीणों के साथ मिलकर की पति की हत्या, 8 गिरफ्तार

Bihar News : औरंगाबाद में रंजीत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पत्नी ने ही मायकेवालों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी.......पढ़िए आगे

पत्नी की कराई पति की हत्या - फोटो : SOCIAL MEDIA

AURANGABAD : औरंगाबाद: जिले के देव थाना क्षेत्र के बेलसारा गांव में हुए बहुचर्चित रंजीत हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त पत्नी और सास-ससुर समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों में बेलसारा निवासी रंजीत की पत्नी प्रियंका कुमारी, उसके ससुर गणेश रिकियासन, सास चांदमुनी देवी, साला मुन्ना रिकियासन और चार अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

आत्महत्या नहीं, साजिश के तहत की गई थी हत्या

यह घटना बीते 18 फरवरी की है, जब ससुराल आए रंजीत कुमार का शव गांव के बाहर एक बगीचे में फंदे से लटका मिला था। शुरुआत में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का संगीन आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के निर्देश पर मदनपुर एसडीपीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।

शराब पिलाकर पीटा, फिर गला घोंटकर मार डाला

मदनपुर एसडीपीओ चंदन कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अनुसंधान में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई है। मृतक रंजीत और उसकी पत्नी प्रियंका के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी विवाद हुआ, जिसके बाद प्रियंका ने अपने माता-पिता, भाई और चार अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर रंजीत की हत्या का खौफनाक षड्यंत्र रचा। योजना के तहत रंजीत को पहले शराब पिलाई गई, फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। अंत में घर के भीतर ही गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

साक्ष्य मिटाने के लिए बगीचे में लटकाया शव

पुलिस जांच के अनुसार, हत्या को आत्महत्या साबित करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने रंजीत के शव को घर से ले जाकर गांव के बाहर एक बगीचे में पेड़ से लटका दिया। एसआईटी ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर महज 48 घंटे के भीतर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। गिरफ्तार सभी 8 अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए सभी आरोपी

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष कुमार सौरभ सहित अन्य पुलिस बल की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस खुलासे के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और मृतक के परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।

दीनानाथ की रिपोर्ट