VTR से सटे इलाके में बाघ ने खेत में चारा काट रही महिला पर किया हमला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

बगहा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक बाघ के हमले से महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके मे दहशत व्याप्त है। वन विभाग की टीम बाघ को रेस्कयू करने मे जुटी है......

बाघ के हमले से महिला की दर्दनाक मौत- फोटो : धीरज पराशर

Bagha : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) से सटे बगहा के नौरंगिया थाना क्षेत्र में बुधवार को बाघ के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान सिरिसिया घोटहवा टोला निवासी कोलाई मियां की 35 वर्षीय पत्नी सलमा खातून के रूप में हुई है। घटना सिरिसिया घोटहवा टोला से सटे मस्जिदिया सरेह की है, जहां सलमा अपने पशुओं के लिए चारा काटने गई हुई थीं। आबादी और खेतों के करीब अचानक हुए इस हमले से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।


जंगल से 200 मीटर दूर खेत में चारा काटने के दौरान हुआ हमला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमा खातून दोपहर का भोजन करने के बाद सरेह की तरफ चारा लाने गई थीं। वह जंगल की सीमा से लगभग 200 मीटर दूर एक खेत में घास काट रही थीं, तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बाघ के हमले में महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।



मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम, शव भेजा गया पोस्टमार्टम 

घटना की खबर जंगल की आग की तरह फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मदनपुर रेंजर नसीम अंसारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और नौरंगिया थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू की।


बाघ की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी टीम, परिजनों को मिलेगा मुआवजा 

मामले में जानकारी देते हुए मदनपुर रेंजर नसीम अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार महिला जंगल से करीब 200 मीटर दूर खेत में काम कर रही थी, तभी बाघ ने हमला किया। उन्होंने बताया कि बाघ की आवाजाही पर नजर रखने और उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस करने के लिए वन विभाग की विशेष प्रशिक्षित टीम को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही विभागीय नियमानुसार मृतका के आश्रित परिजनों को मुआवजा राशि दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


तीन बेटियों के सिर से उठा मां का साया, ग्रामीणों में बढ़ा खौफ 

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सलमा खातून अपने पीछे तीन अविवाहित बेटियां छोड़ गई हैं, और मां की असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं, जंगल से बाहर आबादी और खेतों के इतने समीप बाघ के हमले से आसपास के गांवों के किसानों और मजदूरों में गहरी चिंता और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


धीरज पराशर की रिपोर्ट