बिहार के इस थाने में सजी महफिल: भोजपुरी गाने 'कमरिया करे लपालप' पर पुलिसकर्मियों के डांस का वीडियो वायरल

पश्चिम चंपारण के चौतरवा थाना परिसर में दिवाली की रात भोजपुरी गाने 'कमरिया करे लपालप' पर पुलिसकर्मियों के नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद एसडीपीओ ने जांच के आदेश दिए हैं।

बगहा थाना परिसर में भोजपुरी गाने पर जमकर थिरके पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल- फोटो : Reporter

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत चौतरवा थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में दिवाली की रात थाना परिसर के भीतर पुलिसकर्मी और कुछ अन्य लोग एक चर्चित भोजपुरी गाने ‘कमरिया करे लपालप’ पर जमकर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में अनुशासन और कार्यशैली को लेकर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं।


डीजे की धुन पर जमकर थिरके पुलिसकर्मी और अधिकारी

मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली के जश्न के दौरान थाना परिसर के अंदर ही डीजे का प्रबंध किया गया था। वायरल वीडियो में एएसआई अजीत कुमार, थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार की पत्नी रंजीता कुमारी और महिला सिपाही सह थाना मैनेजर समेत करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के डांस करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, सामने आए इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है कि यह कब और किस परिस्थिति का है।

बगहा एसडीपीओ ने दिए जांच के आदेश

मामले के तूल पकड़ने के बाद बगहा के एसडीपीओ निहार भूषण ने इस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है और इसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो कब और कहां का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस मुख्यालय के निर्देशों की अनदेखी पर टिकी निगाहें

गौरतलब है कि बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से पहले ही सार्वजनिक स्थलों और विशेषकर पुलिस परिसरों में अश्लील या द्विअर्थी भोजपुरी गाने बजाने और इस तरह की गतिविधियों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद थाना परिसर में इस तरह का आयोजन होना अपने आप में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल, इस मामले में विभागीय जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

बगहा से आशीष कुमार की रिपोर्ट