बगहा में कलश यात्रा के दौरान हुए विद्युत हादसे में दो मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह राशि

बगहा में बीते रविवार को कलश यात्रा के दौरान बिजली का करंट लगने से 2 लोगों की मौत हो गई थी। प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह राशि प्रदान किया है....

पीड़ित परिवार को 4-4 लाख अनुग्रह राशि- फोटो : नागेन्द्र

Bagha : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से एक दुखद खबर सामने आई है, जहाँ खटोरी पंचायत के दोन कैनाल के पास कलश यात्रा के दौरान हुए एक दर्दनाक विद्युत हादसे में जान गंवाने वाले दो लोगों के आश्रितों को प्रशासन की ओर से त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। दोनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक सौंपा गया है।


11 हजार वोल्ट के तार से हुआ हादसा, डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे झुलसे 

घटना बगहा के भैरोगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सासराव गांव की है। यहाँ से जब ग्रामीण कलश यात्रा निकाल रहे थे, तभी खटोरी पंचायत के दोन कैनाल के समीप अचानक 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।


*एसडीएम और कार्यपालक अभियंता ने सौंपी अनुग्रह अनुदान राशि* 

हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक टीम हरकत में आई और पीड़ित परिवारों तक राहत पहुँचाने का काम शुरू किया। बगहा की एसडीएम चांदनी कुमारी एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता आलोक अमृतांशु ने संयुक्त रूप से दोनों मृतकों के आश्रितों से मुलाकात की और उन्हें चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया।


*प्रशासन ने जताया शोक, हरसंभव मदद का दिया भरोसा* 

आर्थिक सहायता प्रदान करने के दौरान अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में सरकार एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं, झुलसे बच्चों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।


नागेन्द्र की रिपोर्ट