Bihar News : बगहा अस्पताल में डॉक्टर विजय कुमार बने मरीजों का सहारा, 6 सालों में किए 8 हजार से अधिक सफल ऑपरेशन
Bihar News : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में पदस्थापित सर्जन डॉ. विजय कुमार अपने उत्कृष्ट कार्य और सफल ऑपरेशनों के चलते क्षेत्र के मरीजों के बीच भरोसे का दूसरा नाम बन चुके हैं......पढ़िए आगे
BAGAHA : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में पदस्थापित सर्जन डॉ. विजय कुमार अपने कार्य और सफल ऑपरेशन को लेकर मरीजों के बीच भरोसे का नाम बन चुके हैं। जुलाई 2020 में अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में योगदान देने के बाद शुरुआत में उनसे मुख्य रूप से ओपीडी सेवा ली जाती रही। जटिल मामलों में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर किया जाता था। इसे देखते हुए डॉ. विजय कुमार ने तत्कालीन अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एसपी अग्रवाल और तत्कालीन सिविल सर्जन से मरीजों को स्थानीय स्तर पर सर्जिकल सुविधा उपलब्ध कराने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल में छोटे-बड़े ऑपरेशन शुरू किए। इसके बाद अस्पताल में सर्जरी की सुविधा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों में भरोसा बढ़ा। डॉ. विजय कुमार के अनुसार, पिछले करीब छह वर्षों में उन्होंने 8 हजार से अधिक छोटे-बड़े ऑपरेशन किए हैं। उनका कहना है कि कई ऐसे गंभीर मरीज भी अस्पताल पहुंचे, जिनका समय पर ऑपरेशन नहीं होने पर स्थिति जानलेवा हो सकती थी। ऐसे 100 से अधिक गंभीर मरीजों का समय पर ऑपरेशन कर उनकी जान बचाने में सफलता मिली।
यहाँ ऑपरेशन कराये बगहा-1 प्रखंड के छोटकी पट्टी बड़गांव निवासी श्रवण दास का मामला भी इसी भरोसे की मिसाल है। श्रवण दास लंबे समय से इलाज के लिए विभिन्न जगहों पर भटक रहे थे। उनके इलाज के लिए करीब 15 लाख रुपये तक खर्च बताए जाने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इलाज कराना संभव नहीं था। बाद में उन्हें डॉ. विजय कुमार के बारे में जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉ. विजय कुमार ने उनका ऑपरेशन किया और बिना किसी निजी खर्च के उनका सफल इलाज हुआ। श्रवण दास डॉ. विजय कुमार को अपने लिए भगवान के समान मानते हैं और अस्पताल में डॉक्टर के आने पर उनसे मिलने तथा आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। वहीं, बगहा नगर परिषद के वार्ड नंबर 24 स्थित मस्तान टोला निवासी मिराज आलम की पत्नी शबाना खातून का भी अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में डॉ. विजय कुमार ने सिजेरियन ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। मिराज आलम ने बताया कि पहले सरकारी अस्पताल का नाम सुनकर डर लगता था, लेकिन डॉ. विजय कुमार के इलाज और ऑपरेशन से उनका भरोसा बढ़ा है। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान निजी अस्पताल की तरह कोई बड़ा खर्च नहीं हुआ। बगहा अस्पताल गरीबो असहायों के लिये वरदान है।
इस संबध मे वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने भी अनुमंडलीय अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डॉ. विजय कुमार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. विजय कुमार की पहचान केवल बगहा विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के मरीजों में भी उनके इलाज को लेकर भरोसा है। बगहा अनुमंडलीय अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एसपी अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2020 में उनके कार्यकाल के दौरान डॉ. विजय कुमार ने अस्पताल में ऑपरेशन शुरू करने की पहल की थी। उनके द्वारा किए जा रहे ऑपरेशन से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर लोगों में सकारात्मक संदेश गया और अस्पताल की प्रतिष्ठा भी बढ़ी।
वहीँ अस्पताल में पदस्थापित सर्जन डाॅक्टर विजय कुमार ने बताया की हम यहाँ 2020 से पदस्थापित है। अभी तक 100 से अधिक वैसे मरीजो का सफल ऑपरेशन कर जान बचाया जा चुका है तो छोटे मोटे 8000 से अधिक मरीजों का ऑपरेशन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमा का भी आदेश है की मेजर परिस्थिति में ही मरीज को रेफर करना है नही तो यही पर ईलाज करना है। बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भी सभी सुविधा ओपीडी से लेकर सर्जरी तक उपलब्ध हैं, जिससे मेजर मरीज को ही बेतिया भेजा जाता है जिनका ईलाज यहाँ संभव नही है। उन्होने बताया की जल्द ही यहाँ लेप्रोस्कोपी से भी ऑपरेशन का कार्य शुरू किया जायगा। इसके लिये इंस्ट्रूमेंट की मांग की गई है। इस्ट्रूमेंट आते ही लेप्रोस्कोपी विधि से भी ईलाज की जायेगी।
आशीष की रिपोर्ट