नेपाल से छोड़े गए पानी से गंडक में उफान : बगहा में कई गांव हुए जलमग्न, हाई अलर्ट पर आपदा प्रबंधन और जल संसाधन विभाग

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी उफान पर है। गडक के बढ़ते जलस्तर से जहां बगहा के कई गांव जलमग्न हो गए है वहीं पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों मे एकबार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.....

नेपाल से छोड़े गए पानी से गंडक में उफान - फोटो : नागेन्द्र

Bagha : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिसके चलते वाल्मीकिनगर गंडक बराज से लगातार भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। वर्तमान में बराज से करीब 5 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने स्वयं गंडक बराज का औचक जायजा लिया।


रात तक 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है पानी का डिस्चार्ज 

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, नेपाल से आ रहे भारी जलप्रवाह को देखते हुए रात करीब 9 बजे तक गंडक बराज से डिस्चार्ज बढ़कर 6 लाख क्यूसेक के पार पहुंचने की प्रबल संभावना है। जलस्तर में अचानक हुई इस अप्रत्याशित वृद्धि से तटीय इलाकों में तेजी से पानी फैल रहा है, जिससे जिले में बाढ़ का संकट गहरा गया है।


कई गांव हुए जलमग्न, प्रभावित परिवारों को कराया गया शिफ्ट 

गंडक के रौद्र रूप के कारण बगहा प्रखंड के निचले इलाकों में स्थित चकदहवा, बिन टोली, झंडू टोला और बंगाली कॉलोनी सहित दर्जनों गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन गांवों में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में स्थानांतरित (शिफ्ट) करा दिया है। विस्थापित लोगों के रहने और खाने-पीने के लिए सामुदायिक किचन शुरू कर दिए गए हैं।


आपदा प्रबंधन और जल संसाधन विभाग हाई अलर्ट पर 

गंभीर होते हालात से निपटने के लिए जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, जल संसाधन विभाग और वन विभाग की टीमों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बांधों और तटबंधों की चौबीसों घंटे निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव व राहत सामग्री तैयार रखने के कड़े निर्देश दिए हैं।


पश्चिम चंपारण के साथ पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में भी अलर्ट 

गंडक नदी में भारी डिस्चार्ज का असर केवल बगहा तक सीमित नहीं है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में बसे जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण और मुजफ्फरपुर में भी बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी गई है। तटवर्ती इलाकों के निवासियों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थलों पर शरण लेने की अपील की गई है।

नागेन्द्र की रिपोर्ट