बगहा में नवरात्रि के पहले दिन बड़ा हादसा: कलश यात्रा के दौरान ट्रॉली में दौड़ा करंट, 2 मासूमों की मौत, कई घायल

बगहा में नवरात्रि के पहले दिन बड़ा हादसा- फोटो : धीरज पराशर

Bagha : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा स्थित रामनगर में नवरात्रि के पावन अवसर पर एक बड़ा और दुखद हादसा सामने आया है। भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव से श्रद्धालु कलश स्थापना के लिए भव्य शोभा यात्रा निकालकर खटौरी गांव के समीप दोन कैनाल पहुंचे थे। इस दौरान 11 हजार वोल्ट के हाई-वोल्टेज बिजली तार की चपेट में श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई, जिससे खुशियों का माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया।


करंट लगने से 2 मासूमों की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल

इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रॉली पर सवार एक दर्जन से अधिक बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली पर मौजूद एक बच्चा हाथ में झंडा लिए खड़ा था। झंडा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया, जिससे पूरी ट्रॉली में तुरंत हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी झुलसे हुए बच्चों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके और अस्पताल में स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।


बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि दो गांवों को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते पर 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन काफी समय से खतरनाक रूप से नीचे लटक रही थी। बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बावजूद इसे ठीक नहीं किया गया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।


पुलिस व प्रशासन का आधिकारिक बयान

मामले की पुष्टि करते हुए रामनगर के एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने बताया कि कलश यात्रा के दौरान बिजली के तार के संपर्क में आने से यह दुर्घटना हुई है। हादसे में दो बच्चों की दुखद मृत्यु हुई है और एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


धीरज पराशर की रिपोर्ट