Bihar News : गंडक के बढ़ते जलस्तर से बढ़ी चिंता, सांसद सुनील कुमार ने लिया वाल्मीकिनगर बराज का जायजा, कहा- 'सरकार पूरी तरह मुस्तैद'

Bihar News : गंडक नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए क्षेत्र के लोगो मे चिंता बढ़ती जा रही है. बढ़ते जल स्तर को देखते हुए आज वाल्मीकि नगर सांसद सुनील कुमार ने गंडक बराज का जायजा लिया.....पढ़िए आगे

सांसद ने लिया बराज का जायजा - फोटो : NAGENDRA

BAGAHA : वाल्मीकिनगर क्षेत्र में गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटीय इलाकों के लोगों में चिंता और भय का माहौल बन गया है। नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई भारी बारिश और वहां आई विनाशकारी प्राकृतिक त्रासदी के बाद गंडक बराज पर जल का दबाव बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

सांसद सुनील कुमार ने बराज का लिया जायजा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार ने खुद गंडक बराज पहुंचकर जमीनी हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बराज के नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अभियंताओं से पानी के बहाव, डिस्चार्ज क्षमता और सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत जानकारी ली।

नेपाल आपदा पर जताई संवेदना, मदद का भरोसा

निरीक्षण के बाद सांसद सुनील कुमार ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दर्दनाक है और उससे सीमावर्ती इलाकों के लोग भी आशंकित हैं। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्र की भारत सरकार और राज्य की बिहार सरकार इस कठिन समय में पूरी मजबूती के साथ नेपाल के साथ खड़ी हैं और हर संभव मदद दी जा रही है।

जल संसाधन विभाग और प्रशासन 24 घंटे अलर्ट पर

सांसद ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग की पूरी टीम 24 घंटे बराज और तटबंधों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

ईश्वर और व्यवस्था पर जताया भरोसा

सांसद सुनील कुमार ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और कहा कि प्राकृतिक आपदाएं चुनौतीपूर्ण होती हैं, लेकिन ईश्वर पर पूरा भरोसा है। सरकार और प्रशासन की सजगता के बल पर हम सब मिलकर इस कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर से सुरक्षित बाहर निकलेंगे।

नागेन्द्र की रिपोर्ट