SSB 21वीं वाहिनी ने धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन, छात्राओं और ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों को बांधी राखी

बगहा स्थित SSB की 21वीं वाहिनी के प्रांगण में रक्षाबंधन का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। स्कूल की छात्राएं, स्थानीय महिलाएं तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों ने जवानों के कलाई पर राखी बांध उनके सुरक्षित जीवन की कामना की.

छात्राओं और ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों को बांधी राखी- फोटो : आशीष

Bagha : पश्चिम चंपारण के बगहा स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी के प्रांगण में रक्षाबंधन का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। वाहिनी के कमांडेंट तापेश्वर संबित राउत के कुशल मार्गदर्शन और सक्रिय सहभागिता में आयोजित इस कार्यक्रम में सीमा प्रहरियों और आम नागरिकों के बीच अटूट प्रेम व विश्वास का अनोखा संगम देखने को मिला।


छात्राओं और ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों को बांधी राखी 

इस पावन अवसर पर सीमा जागरण मंच के सहयोग से क्राइस्ट मिशन स्कूल (हरनाटांड़) और सनफ्लावर स्कूल की छात्राएं, स्थानीय महिलाएं तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनें वाहिनी प्रांगण पहुंचीं। सभी ने एसएसबी के वीर जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनका मुंह मीठा कराया। बहनों ने देश की रक्षा में मुस्तैद जवानों के दीर्घायु, सुरक्षित जीवन और देश सेवा में सदैव अग्रसर रहने की मंगल कामना की।


रक्षाबंधन केवल त्यौहार नहीं बल्कि सुरक्षा का अटूट बंधन: कमांडेंट 

कार्यक्रम के दौरान 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तापेश्वर संबित राउत ने उपस्थित सभी छात्राओं, शिक्षकों, स्थानीय महिलाओं, ब्रह्माकुमारीज की बहनों एवं विशिष्ट अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में कमांडेंट ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्यौहार नहीं है, बल्कि यह देशवासियों और सीमा प्रहरियों के बीच विश्वास, प्रेम और सुरक्षा के अटूट बंधन का जीवंत प्रतीक है।


घर से दूर तैनात जवानों को मिला पारिवारिक स्नेह 

त्यौहार के मौके पर अपने घर-परिवार से दूर सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए यह आयोजन बेहद भावुक और उत्साहवर्धक रहा। स्थानीय बहनों से राखी बंधवाकर जवानों के चेहरे खिल उठे और उन्हें अपनों से दूर होने का अहसास नहीं हुआ। आम नागरिकों के इस स्नेह और सम्मान ने जवानों के मनोबल को और ऊंचा किया।


सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम 

इस विशेष आयोजन के माध्यम से एसएसबी और स्थानीय नागरिकों के बीच मधुर संबंधों एवं आपसी समन्वय का एक सकारात्मक संदेश समाज में गया। पूरे वाहिनी परिसर में दिनभर उत्सव और देशभक्ति का माहौल बना रहा। अंत में सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए रक्षाबंधन का यह पावन उत्सव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

आशीष कुमार की रिपोर्ट