शराब के नशे में धुत मिले डायल-112 के दो पुलिसकर्मी, एसपी ने किया सस्पेंड

बगहा के रामनगर में डायल-112 सेवा में प्रतिनियुक्त दो पुलिसकर्मियों का कथित तौर पर शराब के नशे में होने की पुष्टि के बाद एसपी ने बड़ा कार्रवाई की है। एसपी ने दोनो पुलिसकर्मयों को निलंबित कर दिया है.....

शराब पीना पड़ गया महंगा- फोटो : धीरज पराशर

Bagha : बगहा के रामनगर में शराबबंदी कानून के पालन और निगरानी की अहम जिम्मेदारी संभालने वाली पुलिस के ही दो कर्मियों पर शराब सेवन का गंभीर मामला सामने आया है। रामनगर में डायल-112 सेवा में प्रतिनियुक्त दो पुलिसकर्मियों का कथित तौर पर शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद बगहा एसपी ने मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई की है।


राहगीरों द्वारा बनाए गए वायरल वीडियो में लड़खड़ाते दिखे जवान

सामने आए वायरल वीडियो में डायल-112 की आधिकारिक मोटरसाइकिल के पास दो पुलिसकर्मी गंभीर हालत में लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों के सामने सड़क पर गिरता हुआ भी नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।


एसडीपीओ की जांच और ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में शराब पीने की पुष्टि

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामले को रामनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ने बेहद गंभीरता से लिया। इसके बाद दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों की ब्रेथ एनालाइजर से चिकित्सीय जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में शराब के सेवन की स्पष्ट पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई।


पीटीसी सुरेंद्र कुमार और हवलदार सुनील कुमार महतो निलंबित, मुख्यालय निर्धारित

जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर बगहा एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीटीसी (PTC) सुरेंद्र कुमार और हवलदार सुनील कुमार महतो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग के नियमानुसार दोनों को निलंबन अवधि में सामान्य जीवनयापन भत्ता दिया जाएगा तथा उनका आधिकारिक मुख्यालय पुलिस केंद्र, बगहा निर्धारित किया गया है।


धीरज पराशर की रिपोर्ट