Bihar News: बिहार की बाघिन को मिलेगा नया आशियाना,अब बंगाल में सुनाई देगी दहाड़
Bihar News: बिहार के इकलौते वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में एक बाघिन को स्थानांतरित करने की तैयारी तेज हो गई है।...
Bihar News: बिहार के इकलौते वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में एक बाघिन को स्थानांतरित करने की तैयारी तेज हो गई है। बाघों के पुनर्वास की इस अहम और महत्वाकांक्षी योजना के तहत बाघिन के चयन, पकड़ने और सुरक्षित स्थानांतरण की प्रक्रिया विशेषज्ञों की निगरानी में पूरी की जाएगी। इसके लिए सुंदरवन टाइगर रिजर्व और बक्सा टाइगर रिजर्व की टीमें मंगलवार को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पहुंचेंगी।
वन विभाग के मुताबिक फिलहालवाल्मीकि टाइगर रिजर्व से एक बाघिन को बक्सा टाइगर रिजर्व भेजने का प्रस्ताव है। हालांकि इस बाबत अंतिम फैसला राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के आदेश के बाद ही होगा। यानी तमाम तैयारियों के बावजूद बाघिन का चयन और स्थानांतरण केंद्रीय स्तर की मंजूरी पर निर्भर रहेगा।
बाघिन के चयन के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व , बक्सा और सुंदरवन टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के साथ भारतीय वन्यजीव संस्थान , देहरादून के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम अध्ययन करेगी। टीम संभावित बाघिनों की उम्र, स्वास्थ्य, व्यवहार, गतिविधियों और स्थानांतरण के लिए उनकी उपयुक्तता का बारीकी से आकलन करेगी। तमाम पहलुओं की पड़ताल के बाद ही किसी एक बाघिन को चिन्हित किया जाएगा।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन संरक्षक सह निदेशक गौरव ओझा ने बताया कि फिलहाल एक बाघिन को बक्सा भेजे जाने की संभावना है, लेकिन अंतिम निर्णय राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के आदेश पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि इसी सिलसिले में सुंदरवन और बक्सा की टीमें वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पहुंच रही हैं, जहां स्थानीय वन विभाग, भारतीय वन्यजीव संस्थान विशेषज्ञों और दोनों टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की संयुक्त जांच होगी।चयन के बाद बाघिन को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उसकी चिकित्सकीय जांच की जाएगी। अभियान में विशेषज्ञों के साथ पशु चिकित्सक भी मौजूद रहेंगे। वन विभाग का कहना है कि बाघिन की सेहत और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी कवायद निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की जाएगी।
करीब 980 वर्ग किलोमीटर में फैले वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में शावकों समेत बाघों और बाघिनों की कुल संख्या करीब 70 बताई जा रही है। ऐसे में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से एक बाघिन को चिन्हित कर बक्सा टाइगर रिजर्व में नया आशियाना देने की यह कवायद वन्यजीव संरक्षण और बाघों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रिपोर्ट- नागेद्र प्रसाद