Bihar News : बगहा में महिलाओं ने सिस्टम को दिखाया आईना, 10 हजार चंदा और श्रमदान कर चौड़ी कर दी 200 मीटर सड़क
Bihar News : बगहा में पांच फीट चौड़ी पगडंडी को महिलाओं ने करीब 10 हजार रुपये चंदा जुटाकर और श्रमदान कर चौड़ा कर दिया......पढ़िए आगे
BAGAHA : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-2 प्रखंड अंतर्गत नरवल-बरवल पंचायत के ढंढी तुर्की वार्ड 15 स्थित दलित बस्ती से जनसहयोग और आत्मनिर्भरता की एक अद्भुत मिसाल सामने आई है। वर्षों से संकरे व जर्जर रास्ते की मार झेल रहे ग्रामीणों की समस्या दूर करने के लिए बस्ती की महिलाओं ने खुद कमान संभाली। महिलाओं ने न केवल आपस में चंदा जुटाया, बल्कि ग्रामीणों के साथ मिलकर श्रमदान कर 200 मीटर लंबी कच्ची सड़क का चौड़ीकरण कर उसे आवागमन के योग्य बना दिया।
40 परिवारों के लिए मुसीबत बनी थी संकरी पगडंडी
जानकारी के अनुसार, इस दलित बस्ती में लगभग 40 परिवार रहते हैं। गाँव में आवाजाही के लिए महज पांच फीट चौड़ी पगडंडी जैसी कच्ची सड़क ही एकमात्र सहारा थी। बारिश के दिनों में इस रास्ते पर भारी कीचड़ और जलजमाव हो जाता था, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना दूभर हो जाता था।
प्रशासनिक उपेक्षा के बाद महिलाओं ने संभाली कमान
ग्रामीणों ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने और उसके चौड़ीकरण के लिए स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई थी। जब बार-बार की मांगों के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकला, तो बस्ती की महिलाओं ने खुद पहल करने का फैसला किया और सिस्टम को आईना दिखाया।
₹10,000 जुटाए और श्रमदान कर बदल डाली तस्वीर
महिलाओं ने आपस में सहयोग कर करीब 10 हजार रुपये का फंड एकत्र किया। इसके बाद गाँव के पुरुषों और युवाओं के साथ मिलकर कुदाल-फावड़ा उठाया और कड़ी मेहनत (श्रमदान) कर 200 मीटर कच्ची सड़क को चौड़ा कर दिया। महिलाओं की इस पहल से सड़क अब सुगम हो गई है और ग्रामीणों को रोजमर्रा की दिक्कतों से बड़ी राहत मिली है।
अब सड़क के पक्कीकरण की उठी मांग
महिलाओं के इस साहसिक प्रयास की पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है और बस्तीवासियों में भारी खुशी का माहौल है। इस अनूठी पहल के बाद अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस चौड़ी की गई सड़क का जल्द से जल्द पक्कीकरण कराने की मांग की है, ताकि हर मौसम में आवागमन सुगम बना रहे।
नागेन्द्र की रिपोर्ट