छपरहिया धर्मशाला में सेवा संकल्प का 29वां वर्ष: मंत्री श्रवण कुमार ने किया कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ

कांवरिया सेवा शिविर का हुआ शुभारंभ- फोटो : रिपोर्टर

Banka : "निस्वार्थ सेवा कभी निष्फल नहीं जाती। समाज और मानवता की सेवा करने वाले लोग हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं।" ये बातें बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सुल्तानगंज-बैद्यनाथ धाम कांवरिया पथ पर डुमरिया (कटोरिया) स्थित प्रसिद्ध छपरहिया धर्मशाला में कही। वे श्रावणी मेले के प्रथम दिन सेवा संकल्प के 29वें वर्ष के औपचारिक शुभारंभ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।


ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधायक पूरनलाल टुडू और अतिथियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार, कटोरिया के विधायक पूरनलाल टुडू, भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी, मनेर विधानसभा के पूर्व लोजपा प्रत्याशी जितेंद्र यादव, रिटायर्ड एएसपी अभय कुमार सिंह तथा संस्थापक सदस्य स्वर्गीय शिव जाटा कुंवर के पुत्र कुमार राजीव सोनी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।


स्व. शिव जाटा कुंवर के पुत्रों द्वारा 29 वर्षों से निरंतर निभाई जा रही निस्वार्थ सेवा की परंपरा

संबोधन में मंत्री ने कहा कि छपरहिया धर्मशाला पिछले 29 वर्षों से बाबा बैद्यनाथ के भक्तों की सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश कर रही है। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय शिव जाटा कुंवर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सपनों और सेवा संकल्प को उनके पुत्र कुमार राजीव सोनी एवं कुमार संजीव मोनी पूरी निष्ठा, समर्पण और तन-मन से आगे बढ़ा रहे हैं, जो समाज के लिए बेहद अनुकरणीय है।


श्रावणी मेले भर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चिकित्सा और ठहरने की रहेगी मुफ़्त व्यवस्था

धर्मशाला प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि इस वर्ष भी पूरे श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों के लिए 24 घंटे निःशुल्क भोजन, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा तथा ठहरने और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि बाबा के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं को राह में कोई परेशानी न हो।


इस उद्घाटन समारोह में पशुपतिनाथ दुबे, कुमार पंकज, विकास कुमार बंटी, सुरेंद्र पांडे, भोला राय, राजू सिंह, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में दूर-दराज से आए शिवभक्त कांवरिये और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।